बदायूं में फंदे पर लटके मिले दंपती के शव...युवक के भाई-भाभी पर हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
सूचना पर पहुंची पुलिस और मायका पक्ष, मौके से भाग गए युवक के भाई-भाभी
बदायूं, अमृत विचार। कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव नगला तरऊ में दंपती के शव कमरे में फंदे पर लटके मिले। ग्रामीणों की सूचना पर मायका पक्ष पहुंचा। दंपती के पैर जमीन पर लगे मिले। महिला के मायके पक्ष ने संपत्ति के बंटवारे के चलते युवक के बड़े भाई और भाभी पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। सीओ बिल्सी सुशील सिंह ने मौका मुआयना किया।
बिल्सी क्षेत्र के गांव नगला तरऊ निवासी मनोज (22) घरों पर टाइल्स और मार्बल लगाने का काम करते थे। उनकी शादी लगभग दो साल पहले गांव रायपुर बुजुर्ग निवासी रंजना (20) के साथ हुई थी। सोमवार सुबह परिजनों ने दोनों के शव कमरे में फंदे पर लटके देखे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने पुलिस और ग्रामीणों ने रंजना के मायका पक्ष को सूचना दी। मायका पक्ष और पुलिस मौके पर पहुंची। मायका पक्ष ने बताया कि मनोज का उसके बड़े भाई जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले भी झगड़ा हुआ था तो लोगों ने मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि मनोज के के भाई ने दोनों की हत्या करके शव फंदे पर लटकाए हैं। वहीं आरोपी जेठ-जेठानी घर से भाग गए हैं। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- UP: डॉक्टर विदेशी मुद्रा के साथ पकड़े गए हैं, जुर्माना दो...London के डॉक्टर से दोस्ती के बाद ठगी, जानें- पूरा मामला
