Unnao News: राष्ट्रीय राजमार्ग पर रहता गोवंशियों का जमावड़ा...डीएम के निर्देशों के बावजूद पालिका अधिकारी नहीं पहुंचाते गौशाला
चालकों की लापरवाही से अक्सर दुर्घटनाग्रस्त होकर घिसटने को मजबूर होते है गोवंश
उन्नाव, अमृत विचार। एक ओर डीएम गोवंश को गौशालाओं के माध्यम से शासन के निर्देशों के तहत संरक्षण देने पर जोर देते हैं। वहीं दूसरी तरफ नगरीय गौशालाओं का संचालन कराने वाली नगर पालिका परिषद के अधिकारियों की उदासीनता से राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है, जो वाहनों से टकर कर दुर्घटनाओं का शिकार होती हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लगातार गोवंश को संरक्षण दिए जाने के निर्देश जारी किए जाते रहते हैं। अधिकारियों की बैठकों में डीएम गौरांग राठी भी गोवंश संरक्षण पर जोर देते हैं, लेकिन निर्देशों के बावजूद विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से गोवंश दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
बारिश में खाली प्लाटों सहित अधिकांश गलियों में जलभराव होने से गोवंश सड़कों पर शरण लेते हैं, जहां निकलने वाले तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर कई बार जहां गोवंश की मृत्यु हो जाती है। वहीं बड़ी संख्या में चुटहिल होकर पूरी जिंदगी घिसटते हुए भूखे पेट मरन को मजबूर हो जाते हैं।
कहने के लिए पालिका गोवंश पकड़कर गौशाला पहुंचाने का अभियान जारी रखती है, लेकिन सड़कों पर घूमने वाले हजारों गोवंश पालिका के दावों की स्वयं ही पोल खोलते रहते हैं। हनुमंत जीवाश्रय के संस्थापक अखिलेश अवस्थी ने गोवंश को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पालिका को इसके प्रबंध जरूर करने चाहिए।
