पीलीभीत: अखाड़ा बना मेडिकल कालेज.. चिकित्सक और तीमारदारों में मारपीट 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज मंगलवार देर शाम अखाड़ा बन गया। मरीज के तीमारदारों और चिकित्सक के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर  शांत कराया। मारपीट के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही।  

थाना न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर निवासी विवेक पुत्र भगवान दास सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। वह मेडिकल कालेज में जनरल वार्ड में भर्ती थे। इस दौरान इमरजेंसी ड्यूटी पर कार्यरत चिकित्सक दीप्ति राउंड पर पहुंची। उनका आरोप है कि मरीज के परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की। इसकी जानकारी उन्होंने अपने साथी  डॉक्टर सतीश को दी। इस पर जब सतीश मौके पर पहुंचे तो मरीज के परिजनों ने डॉक्टर सतीश के साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। 

इधर विवेक के परिजनों का कहना है कि डॉक्टर जब राउंड पर आई तो उन्होंने डॉक्टर से दवाई मांगी लेकिन डॉक्टर ने दवाई देने के बजाय उनके साथ अभद्रता की। इसके बाद अपने साथी चिकित्सक को बुलाकर मारपीट की। सूचना पुलिस को मिली तो सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। किसी तरह पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर मामले को शांत किया। पुलिस मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक कर रही है। अस्पताल में चिकित्सक के साथ हुई मारपीट की घटना पर अस्पताल कर्मियों में आक्रोश है। उन्होंने मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नरेश त्यागी ने बताया कि अभी किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डॉ दीप्ति ने बताया कि मरीज के परिजनों ने वीडियो बनाने के शक में उनका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद मोबाइल फेंककर तोड़ दिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें -पुलिस से मुठभेड़ में गोली लगने से एक बदमाश घायल, कई थानों में दर्ज हैं लूट-चोरी के मामले

संबंधित समाचार