कासगंज: एक रात प्रवास कर आश्रम से चले गए भोले बाबा, अनुयायियों में छाई मायूसी
बुधवार की दोपहर जन्मस्थली पहुंचे थे सूरजपाल
कासगंज, अमृत विचार। गुरुवार की दोपहर अपनी जन्मस्थली पटियाली के गांव बहादुर नगर पहुंचे भोले बाबा एक रात प्रवास करने के बाद गुरुवार की दोपहर वापस चले गए। बाबा के वापस जाने से अनुयायियों में मायूसी छाई है।
भोले बाबा सिकंदराराऊ में सत्संग के दौरान हुई भगदड़ की घटना के बाद बुधवार की दोपहर अपनी जन्मस्थली पटियाली तहसील के गांव बहादुर नगर स्थित अपने आश्रम पर पहुंचे थे। उनके अधिवक्ताओं का कहना था कि बाबा यहां चिकित्सकों की सलाह से स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए प्रवास के लिए आए हैं। बाबा के आश्रम में पहुंचने के बाद से ही उनके अनुयाइयों में खुशी थी। बुधवार को ही तमाम अनुयायी आश्रम पर पहुंच गए थे। गुरुवार को भी अनुयायी आश्रम पर पहुंचे, लेकिन वह बाबा से नहीं मिल सके।
दोपहर को ही लगभग दो बजे सूरजपाल उर्फ भोले बाबा आश्रम से वापस चले गए। वैसे तो बाबा कहां गए इसकी कोई अधिकृत जानकारी नहीं मिल पा रही है, लेकिन आश्रम पर मौजूद सेवादारों के मुताबिक भोले बाबा मध्यप्रदेश के ग्वालियर चले गए हैं। भोले बाबा के अनुयायियों को उम्मीद थी कि बाबा अभी कुछ दिनों तक आश्रम पर ही प्रवास करेंगे, लेकिन अचानक बाबा के वापस जाने से अनुयायी मायूस दिखाई दिए हैं।
लोग कयास लगा रहे हैं कि अनुयायी आश्रम पर पहुंचने लगे थे, जबकि बाबा ने अनुयाइयों से आश्रम पर न आने की अपील की थी। अनुयाइयों की भीड़ न बढ़े इसलिए बाबा वापस चले गए। बाबा के वापस जाने के बावजूद भी दूरदराज से बाबा के अनुयायियों का आश्रम पर आने का क्रम जारी था।
