प्रतापगढ़: मारपीट की सूचना पर पहुंचे सिपाही ने पकड़ा किशोरी का हाथ, वीडियो वायरल
सोशल मीडिया सेल ने जारी किया सीओ का बयान, बताया कि क्राइम वीडियोग्राफी कर रहा था सिपाही
पट्टी/प्रतापगढ़, अमृत विचार। कंधई थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर गांव में पहुंचे सिपाही ने एक किशोरी का हाथ पकड़ लिया। यही नहीं उसने अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सिपाही किशोरी का हाथ पकड़कर उसे जबरन थाने लाने का प्रयास करने लगा। परिवार के लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। वहीं पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने सीओ का बयान जारी कर बताया कि सिपाही क्राइम वीडियोग्राफी कर रहा था। सारे आरोप निराधार हैं।
कंधई थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव में शुक्रवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर सिपाही अनिल कुमार गांव में पहुंच गया और झगड़ा शांत कराने लगा। इसी दौरान सिपाही ने अपने ननिहाल आई एक 15 साल की किशोरी का हाथ पकड़ लिया और उससे अमर्यादित आचरण करते हुए उसे जबरन थाने ले जाने का प्रयास करने लगा।
सिपाही के इस आचरण पर वहां परिजनों ने काफी विरोध जताया। किसी तरह सिपाही ने किशोरी का हाथ छोड़ा। इस दौरान घटना का वीडियो किसी ने बना लिया ( अमृत विचार ऐसे किसी वीडियो,फोटो व उससे जुड़े तथ्यों की पुष्टि नहीं करता है।) और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लोग सिपाही के कृत्य की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
सोशल मीडिया पर कमेंट करने वाले लोग प्रतापगढ़ पुलिस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया देते रहे। लोग पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहे हैं। परिजनों ने इसकी शिकायत एसपी से की है। मामले में सीओ पट्टी आनन्द कुमार राय ने बताया कि कस्तूरीपुर गांव में झगड़े के दौरान पुलिस पहुंची थी। सिपाही क्राइम वीडियो बना रहा था। किशोरी हाथ से मोबाइल छीनने लगी, मोबाइल बचाने के दौरान फोटो क्लिक कर ली गई। हाथ पकड़ने की बात गलत है। मारपीट के मामले में दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान किया गया है।
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़: राजा भैया की पत्नी के ट्वीट से बढ़ी सियासी सरगर्मी, एक्स पर लिखी ये बात
