अयोध्या: माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होने से एयरपोर्ट पर विमानों का आवागमन प्रभावित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एयरपोर्ट पर मैनुअल बन रहा बोर्डिंग पास, इंतजार के लिए बढ़ाई गई कुर्सियां 

अयोध्या, अमृत विचार। माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होने से महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से विमानों का आवागमन प्रभावित हुआ है। कई विमानों के देर से पहुंचने की खबर है। एयरपोर्ट पर टिकटिंग और बोर्डिंग पास जैसे काम मैनुअल किए जा रहे हैं।  

बताया गया है कि माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन हो गया। सर्वर डाउन होने से बड़े शहरों की तरह महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर भी विमान संचालन पर प्रभाव पड़ा है। विमानों के आवागमन में देरी हुई। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर दर्जन भर से ज्यादा विमानों की आवाजाही है लेकिन शाम लगभग चार बजे तक छह से सात विमान ही यहां उतरे और उड़ान भरी।

एयरपोर्ट के आसपास के लोगों का कहना है कि शुक्रवार को आसमान में मंडराते विमानों की संख्या कम दिखाई पड़ी। अयोध्या से दिल्ली, अयोध्या से कोलकाता, अयोध्या से मुंबई की फ्लाइट में देरी हुई। एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की व्यवस्था है लेकिन अभी शुरू नहीं की गई है। एयरपोर्ट अमूमन साढ़े छह बजे तक बंद हो जाता है लेकिन विमानों की लेट लतीफी के कारण यदि रुटीन के विमान देर से आए तो उम्मीद है कि शुक्रवार को एयरपोर्ट आठ-साढ़े आठ बजे तक खुला रहे। 

एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार गर्ग ने बताया कि सर्वर डाउन होने से बोर्डिंग पास और टिकटिंग जैसे काम मैनुअल किए जा रहे हैं। इंतजार करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। इसके चलते यहां कुर्सियों के साथ दूसरी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई है। जिससे यात्रियों को कोई दिक्कत न हो

ये भी पढ़ें- अयोध्या: रामनगरी में अब पिंक ई-रिक्शा चलाएंगी महिलाएं, ये लोग कर सकेंगे सवारी

 

संबंधित समाचार