कासगंज: सावन का पहला सोमवार आज...सजे भोले के मंदिर, शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़
कासगंज/सोरोंजी, अमृत विचार। शिव भक्तों की आस्था का माह सावन शुरू हो गया है। सावन का पहला सोमवार आज है। दूर दराज से भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे शिव भक्तों ने वातावरण को भक्तिमय में बना दिया है। दूसरे प्रांतों से शिवभक्त गंगाजल लेने कासगंज, सोरों के रास्ते लहरा गंगा घाट पहुंच रहे हैं। यहां वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। कतार बढ़ती ही जा रही है और भीड़ से दुकानदार खुश हैं।
सावन के पहले सोमवार को लेकर शिव भक्तों में काफी उल्लास देखा जा रहा है। लोगों ने उपवास को लेकर बाजार से सामान की खरीदारी की। इससे बाजार में चहल पहल देखी गई। पहले सोमवार का अपना अलग ही धार्मिक महत्व होता है। शिव भक्त पूजन-अर्चन कर शिव को मनाते हैं और उनसे अपनी मनौतियों मांगते हैं।
इसको लेकर शिव भक्तों पूजन-अर्चन का सामान के खरीदारी बाजारों से की। उनके द्वारा बाजारों से व्रत आदि रखने के लिए सामान खरीदा गया। लोगों ने बाजार से फल और सिंगाड़ी सहित अन्य उपवास के सामन की खरीदारी की। इसके अलावा शिव मंदिरों की साफ-सफाई और रंग-रोगन आदि का काम किया गया है। मंदिरों पर विद्युत की झालरें आदि लगाकर सजाया गया है।
सावन शुरू होते ही बढ़ी भीड़
सावन शुरू होते ही शिव भक्त कांवरियों की दस्तक अधिक होने लगी है। बड़ी संख्या में कांवड़िए अपने इष्ट देव को प्रसन्न करने के लिए लहरा पहुंचे और उन्होंने सावन के पहले सोमवार को भोले भंडारी का जलाभिषेक किया। सावन के महीने में सोमवार भगवान शिव का जलाभिषेक करना काफी महत्वपूर्ण माना गया है। बड़ी संख्या में शिव भक्त गंगा से गंगाजल लाकर अपने इष्टदेव को प्रसन्न करने के लिए जल चढ़ाते हैं। सावन का महीना शुरू हो जाने के साथ ही दूरदराज से आने वाले शिवभक्तों की दस्तक तीर्थ नगरी में होने लगती है। तीर्थ नगरी से वे कांवड़ का सामान खरीदने के बाद गंगा जल भरने के लिए लहरा गंगा घाट पहुंचते हैं।
मंदिरों में झूले हिडौले
सावन के महीने में झूले का विशेष महत्व है। देवी देवताओं को झूला झुलाने की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। खासकर कान्हा को झूला झुलाने का विशेष महत्व माना गया है। इसी के चलते भगवान कृष्ण से संबंधित मंदिरों में पुजारियों व व्यवस्थापकों के द्वारा विशेष प्रकार के झूले डलवाए जा रहे हैं। अपने इष्ट देव को झूला झूलते देखने का उत्साह लेकर बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं।
