बरेली: सड़क हादसों में किसान समेत तीन की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। तेज रफ्तार ने अलग-अलग हादसों में किसान और मजदूर समेत तीन लोगों की जान ले ली। जबकि हादसों में छह लोग घायल हो गए। बिथरी थाना क्षेत्र के कुआडांडा गांव के पास कार पलटने से मजदूर की मौत हो गई। जबकि कार में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। …

बरेली, अमृत विचार। तेज रफ्तार ने अलग-अलग हादसों में किसान और मजदूर समेत तीन लोगों की जान ले ली। जबकि हादसों में छह लोग घायल हो गए। बिथरी थाना क्षेत्र के कुआडांडा गांव के पास कार पलटने से मजदूर की मौत हो गई। जबकि कार में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बीसलपुर रोड पर डोहरिया गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, फतेहगंज पश्चिमी में हुए हादसे में किसान की जान चली गई।

पीलीभीत बिलसंडा निवासी प्रेमशंकर ने बताया कि उनके भाई जयपाल (48) रुद्रपुर की एक कंपनी में मजदूरी करते हैं। रविवार को कंपनी की ईको कार में सवार नौ मजदूरों को त्यौहार के कारण नोएडा और दिल्ली में काम करने के बाद पीलीभीत छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान कमुआ मोड़ पर तेज रफ्तार कार पलट गई। जिसमें सभी मजदूर घायल हो गए। इस दौरान अस्पताल ले जाते समय ही जयपाल की रास्ते में मौत हो गई। वहीं बिलसंडा के योगेन्द्र, पवन, देवेन्द्र, रामकुमार, बबलू आदि लोग घायल हो गए हैं। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

इसके अलावा शाहजहांपुर के मोहल्ला छावनी पुवायां निवासी अंकित अवस्थी ने बताया कि उनके पिता सुदीश शंकर (51) रुद्रपुर में एक फैक्ट्री में काम करते है। शनिवार को आवास पर खाना बनाते हुये उनके हाथ जल गए थे। जिसके कारण उनकी पत्नी मृदुलता ने घर पर आने को कहा था। पीड़ित ने बताया कि शनिवार देर रात बीसलपुर रोड पर डोरिया गांव के पास उनके वाहन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिनके पास से पुलिस को मिले आधार कार्ड से संबंधित थाने में संपर्क कर परिवार को जानकारी दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही उनका परिवार बरेली पहुंच गया। तीसरी घटना फतेहगंज पश्चिमी में हुई है। जहां पर पीपरिया गांव में रहने वाले भानूप्रताप सिंह (47) की मौत हुई है। वह खेती करते थे और किसी काम से बाहर गए थे। परिवार वालों ने बताया कि भानुप्रताप किसी को बता कर नहीं गये थे कि कहां जा रहे हैं। उनका शव सड़क पर पड़ा मिला है। परिवार वालों ने सड़क हादसे का ही अंदेशा जताया है। पुलिस ने तीनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है और शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है।

संबंधित समाचार