बलरामपुर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रिश्वत मांगने का पुराना वीडियो वायरल, जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित
बलरामपुर, अमृत विचार। जिले के श्रीदत्तगंज ब्लॉक के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मामला सामने आया है। जहां लिपिक द्वारा अस्पताल में तैनात चतुर्थश्रेणी कर्मचारी से ही जीपीएफ निकलवाने के नाम पर रिश्वत मांगा जा रहा है। रिश्वत मांगने के मामले में लिपिक का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने लिपिक को तत्काल प्रभाव से उसके पटल से हटा दिया है। फिलहाल, मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है।
आपको बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऐसे कई मामले हो चुके हैं जिसकी विभागीय जांच अभी तक कराई जा रही है। या यह कहें कि मुख्यमंत्री के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शनि द्वारा अपने जीपीएफ खाते से 130000 निकालने के संदर्भ में लिपिक सौरभ दुबे खुले आम रिश्वत मांग रहे हैं। जो की वायरल वीडियो में स्पष्ट है। लिपिक सौरभ दुबे के ऊपर इस से पहले भी कई आरोप लग चुके हैं लेकिन विभागीय कार्रवाई नहीं हो रही है।
बलरामपुर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रिश्वत मांगने का पुराना वीडियो वायरल pic.twitter.com/2cRTylquQX
— Amrit Vichar (@AmritVichar) July 21, 2024
लिपिक द्वारा कहा जा रहा है कि 20000 लगेगा तब जाकर आप जीपीएफ अकाउंट से पैसा निकाल पाएंगे। साथ ही ऊपर बैठे लोगों को भी हिस्सा देना पड़ता है। वीडियो की पुष्टि के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक मनीष श्रीवास्तव से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि यह वीडियो संज्ञान में आया है। मामले में पत्र लिख कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया है जिसकी विभागीय जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाते हैं तो उनके ऊपर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में सीएमओ डॉक्टर मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि इतने पुराने वीडियो को अब वायरल क्यों किया गया इसकी भी जांच कराई जा रही है। लिपिक को तत्काल प्रभाव से उसके पटल से हटा दिया गया है। मामले में कौन कितना दोषी है इस बात की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। टीम में अपर सीएमओ आर के चौधरी ,अपर सीएमओ एसके श्रीवास्तव ,डीपीएम शिवेन्द्र मणि त्रिपाठी ,जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा और जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पांडे शामिल किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- बलरामपुर: एसआईटी के आदेश पर प्रधान पति और उसका भाई गिरफ्तार, जानें मामला
