बांदा: कृषि विश्वविद्यालय में दो दिवसीय श्री अन्न महोत्सव खत्म, कृषि मंत्री बोले- प्रतिदिन के खान-पान में इसको करें शामिल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिलेट्स मैन पद्मश्री डा.वली ने श्री अन्न को बताया सुपर फूड

बांदा, अमृत विचार। दो दिवसीय श्री अन्न महोत्सव समापन समारोह में कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान कैबिनेट मंत्री ने लोगों से भोजन की थाली में प्रतिदिन श्री अन्न (मोटा अनाज) को शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्री अन्न से वजन घटाने, ब्लडप्रेशर व मधुमेह को संतुलित करने में सहायता मिलती है। पूरे बुंदेलखंड में मोटे अनाज की खेती करने की अपार संभावनाएं हैं। मिलेट्स मैन आॅफ इंडिया के नाम से विख्यात और पद्मश्री ने मोटे अनाज को सुपर फूड बताया। 

कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय श्री अन्न महोत्सव रविवार को खत्म हो गया। समापन समारोह में कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान सूर्य प्रताप शाही ने मोटे अनाज की उपयोगिता बताई। उन्होंने कहा कि श्री अन्न हमारे दैनिक भोजन का हिस्सा हुआ करता था, लेकिन हम अब इससे दूर हैं। 

उन्होंने कहा कि श्री अन्न के प्रति आमजन मानस में कृषि विवि के कुलपति डा.नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में जागरूकता बढेगी। समारोह के विशिष्ट अतिथि एवं मिलेट्स मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध व पद्मश्री डा.खादर वली ने कहा कि यदि हम स्वाद पर आश्रित होना बंद कर देंगे तो निरोग हो जाएंगे। अगर स्वास्थ्य चाहिए तो श्रीअन्न खाना ही होगा। 

उन्होंने कहा कि बाजार ने हमारा खान पान खराब कर दिया है। यही वजह है कि हम बीमार हो रहे हैं और जीवन भर की कमाई से डॉक्टरों का घर भर रहे हैं। देश को निरोग डॉक्टर नहीं किसान कर सकते हैं। इससे पूर्व ट्रस्ट संस्थापक अध्यक्ष पूर्व सांसद डा.आरके सिन्हा ने कहा कि श्रीअन्न हमारी गलतियों के सुधार का अन्न है। हमारे पुरखे श्री अन्न खाकर ही निरोग रहा करते थे और लंबी आयु जीते थे। उन्होंने कहा कि श्री अन्न में कोदो, कंगनी, कुटकी, सावां और हरा सावां हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही उपयोगी है। 

इस अवसर पर पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल, रमेशचंद्र द्विवेदी, कृषक समृद्धि आयोग सदस्य श्याम बिहारी गुप्ता, प्रबंध परिषद सदस्य राजेश सिंह सेंगर ने श्री अन्न के महत्व बताते हुए इस्तेमाल पर जोर दिया। कुलपति प्रो.नरेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कृषि महाविद्यालय अधिष्ठाता व कार्यक्रम मुख्य आयोजक प्रो.जीएस पंवार ने सभी का आभार जताया। संचालन सहायक प्राध्यापक डा.बीके गुप्ता ने किया।

श्री अन्न के प्रति जागरुकता के लिए लगाई गई प्रदर्शनी 
कृषि विश्वविद्यालय कुलपति प्रो.नरेंद्र प्रताप के निर्देशन में आयोजित श्री अन्न महोत्सव के समापन पर अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं द्वारा बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया गया। इसमें खाद्य के प्रति जागरुकता पर विशेष बल दिया गया। इसी के साथ ही कृषि प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ-साथ किसानों ने श्री अन्न के प्रति जागरुकता बढ़ेगी। प्रदर्शनी को सभी ने ज्ञानवर्धक और आकर्षक बताया।

श्री अन्न रेसपी के के प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत 
कृषि विवि में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में पोस्टर, प्रश्नोत्तरी व श्रीअन्न की रेसपी प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र तथा किसानों को श्री अन्न के बीज देकर सम्मानित किया गया। कृषि प्रसार विभाग सहायक प्राध्यापक डा.धीरज मिश्रा की अगुवाई में शोधार्थी छात्र नवनीत मौर्या द्वारा डिजाइन किए गए वेव अधारित श्री अन्न सूचना वितरण प्रणाली का अनावरण कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया। छात्र ने बताया कि इस सूचना प्रणाली से किसानों को श्री अन्न की चार फसलों की विस्तार से जानकारी मिल सकती है। कार्यक्रम में कृषि विश्वविद्यालय के प्राध्यापको द्वारा रचित तीन पुस्तकों का विमोचन भी कृषि मंत्री के द्वारा किया गया।

ये भी पढ़ें- Banda News: आगरा हॉस्टल में चयनित होने पर आगरा टीम से खेलेगी बांदा की पायल

संबंधित समाचार