बरेली: भाजपा नेता ने इस्लाम धर्म अपनाने की दी चेतावनी...पार्टी में मची खलबली, जानें क्या है मामला?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शस्त्र लाइसेंस रद होने से नाराज भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने फेसबुक पर पोस्ट कर इस्लाम धर्म अपनाने की चेतावनी दे डाली। कुछ देर में यह पोस्ट वायरल हो गई। इससे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में खलबली मच गई। जिसके बाद रविवार शाम को पशुधन और वनमंत्री ने सर्किट हाउस में अफसरों के साथ बैठक की। महानगर उपाध्यक्ष को उनके साथ न्याय होने का भरोसा दिया गया। इस पर रात आठ बजे उन्होंने फेसबुक से पोस्ट हटा ली। वहीं दिन भर वायरल पोस्ट चर्चा में रही।

भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने फेसबुक पर व्यथा लिखी थी। प्रशासन ने उनके शस्त्र लाइसेंस रद कर दिए थे, जिससे वह आहत थे। प्रदीप अग्रवाल के अनुसार वह एक मामले में कोर्ट से दोषमुक्त हो चुके हैं, फिर भी अफसरों ने उनके शस्त्र लाइसेंस रद कर दिए। कहा कि भाजपा शासन में भी अफसर मनमानी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का ही उत्पीड़न कर रहे हैं। पार्टी का पुराना सिपाही होने के बाद भी उनके साथ बुरा व्यवहार किया गया।

उन्होंने पोस्ट को फेसबुक पर भाजपा के बड़े नेताओं को टैग भी किया था। उन्होंने पोस्ट में इस्लाम धर्म अपनाने की चेतावनी दी थी। यह पोस्ट दिनभर वायरल होती रही। शाम को इसका असर दिखा। उन्होंने बताया कि पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने शाम को सर्किट हाउस में अफसरों की बैठक बुलाई। उसमें उनका मुद्दा रखा। काफी देर चली बैठक के बाद जनप्रतिनिधियों ने उनसे बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनके रद शस्त्र लाइसेंस बहाल किए जाएंगे। उन्होंने पोस्ट में लिखा था कि मंत्री, सांसद, विधायक, संगठन के नेताओं ने उनका हाल नहीं जाना।

शाम को मंत्री की बैठक के बाद उन्होंने बताया कि महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, मेयर डा. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, एमएलसी महाराज सिंह, जिलापंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि, प्रवक्ता बंटी ठाकुर ने फोन के जरिए उनसे बात की। इसके बाद उन्होंने रात में फेसबुक से अपनी पोस्ट हटा ली।

संबंधित समाचार