Hamirpur: उड़ीसा से अपहरण कर लाए गए नाबालिग भाई-बहन बरामद: फिरौती के लिए दिया था घटना को अंजाम, आरोपी गिरफ्तार
हमीरपुर, अमृत विचार। उड़ीसा राज्य से पांच दिन पूर्व फिरौती को लेकर अपहृत मासूम भाई बहन को थाना मझगवां के सरगांव गांव से बरामद किया गया है। साथ आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उड़ीसा से अपहरण कर लाए गए बच्चों के अपहृतकर्ता की लोकेशन मिलने पर उड़ीसा पुलिस ने मदद मांगी थी। बरामद बच्चों को फिलहाल चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा को उड़ीसा ने अपहृत बच्चों की लोकेशन हमीरपुर जिले में होने की सूचना दी गई थी। जिस पर क्षेत्राधिकारी राठ के नेतृत्व में सर्विलांस सहित अन्य टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस पर थाना मझगवां पुलिस व सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से उड़ीसा पुलिस द्वारा साझा किए गए आवश्यक विवरण के आधार पर दोनों अपहृत नाबालिग बच्चों को सर्च अभियान चलाया गया।
गौरतलब हो कि पिछले 18 जुलाई को मिनाती प्रधान पत्नी गोपबंधु प्रधान निवासी सिलानगर गजुआका विशाखापटनम आंध्र प्रदेश मूल निवासी अरखापुर पुरुषोत्तमनगर थाना जंगम उड़ीसा ने थाना पुरुषोत्तम नगर में बेटी सोनाली (10) व बेटा विकास प्रधान (6) का फिरौती को लेकर अपहरण करने का मामला बासुदेव जल्ली पुत्र पबित्रा जल्ली निवासी मोहनपुर स्टेशन रोड थाना खल्लीकोट जिला गंजम राज्य उड़ीसा के खिलाफ दर्ज कराया था।
जिस पर उड़ीसा पुलिस बच्चों की बरामदगी के प्रयास कर रही थी, तभी आरोपी बासुदेव जल्ली की लोकेशन जनपद के थाना मझगवां क्षेत्र में पाई गई। जिस पर उड़ीसा पुलिस ने यहां की पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने विभिन्न सुरागों और तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए कड़ी मेहनत और सूझबूझ से थाना मझगवां पुलिस व सर्विलांस टीम ने कार्रवाई करते हुए सर्च अभियान चलाया। सोमवार रात करीब 12.30 बजे आरोपी बासुदेव अपने जीजा सरगांव निवासी दुलीचंद्र पुत्र दौलत पाल के घर में अपहृत सोनाली व उसके भाई विकास को रखे था।
पुलिस ने बच्चों को बरामद कर आरोपी बासुदेव जल्ली को गिरफ्तार किया है। बरामद नाबालिग बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर भेजा गया है। इसकी सूचना पुलिस ने उड़ीसा पुलिस को दी है। वहीं आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। वहीं उड़ीसा पुलिस को सूचना दी गई है। अपहृत बच्चों की बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक नंदराम प्रजापति, हेड का महेंद्र सिंह, सर्विलांस सेल के धर्मेन्द्र कुमार, कृष्ण कुमार गुप्ता, आशीष मिश्रा, सौरभ शर्मा आदि रहे।
