बरेली एयरपोर्ट से अक्टूबर से नई उड़ान...बेस होगा कुशीनगर एयरपोर्ट, जेटविंग्स एयरवेज ने भरी हामी
बरेली, अमृत विचार। बरेली एयरपोर्ट से अक्टूबर से नई उड़ान की तैयारी एयरलाइंस कंपनी कर रही है। इसके लिए कुशीनगर एयरपोर्ट को बेस बनाया जाएगा। जेटविंग्स एयरवेज ने अक्टूबर से हवाई सेवा शुरू करने की हामी भर दी है।
मई से बरेली से कुशीनगर एयरपोर्ट के लिए हवाई सेवा शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए रूट सर्वे पूरा हो चुका है। हवाई सेवा को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन ट्रायल के लिए समय का निर्धारण नहीं हो पाया है। इसको लेकर बरेली एयरपोर्ट के निदेशक ने जेटविंग्स एयरवेज कंपनी से कई पत्राचार किया था।
फिलहाल, कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बेस बना कर शेड्यूल तैयार किया जा रहा है कि उड़ान का समय क्या होगा। अफसरों को लंबी दूरी और टिकट दर पर 50 प्रतिशत अनुदान होने से यात्रियों की संख्या बढ़ने का भरोसा है।
इन स्थानों के लोगों को मिलेगी सहूलियत
इस हवाई सेवा से उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पश्चिमी यूपी के बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, आजमढ़, मऊ, बलिया, बिहार के गोपालगंज, बेतिया, सिवान, नेपाल को जाने वालों को सहूलियत मिलेगी।
इस संबंध में जेटविंग्स एयरवेज के अधिकारियों से वार्ता हुई है। एयरवेज कंपनी ने अक्टूबर में हवाई सेवा शुरू करने की बात कही है। -अवधेश अग्रवाल, निदेशक, बरेली एयरपोर्ट
