कासगंज: अब नहीं होगी पेयजल आपूर्ति की समस्या, शासन से मिले 29 करोड़ 61 लाख 96 हजार
कासगंज, अमृत विचार। नगर पालिका को अमृत पेयजल योजना पार्ट टू में शासन से 29 करोड़ 61 लाख 96 हजार रुपए मिले हैं। इसके लिए कमिश्नर चेत्रा बी के पास पत्र भी प्राप्त हो गया है। कमिश्नर ने डीएम कासगंज को आंवटित धनराशि से गुणवत्तापूर्ण काम करने के निर्देश दिए हैं।
अलीगढ़ परिक्षेत्र के मंडलायुक्त चेत्रा बी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शासन से मिले धन का व्यय अमृत टू योजना की गाइडलाइन एवं वित्तीय नियमों के अंतर्गत किया जाए। इसका सख्ती से पालन कराया जाए। योजना में किसी भी प्रकार की कोई अनियमितता न होने पाए। नगर पालिका क्षेत्र में गुणवत्ता पूर्ण काम कराया जाए।
उन्होंने यह धनराशि कासगंज डीएम मेधा रुपम के खाते में आंवटित कर दी है। जल्द ही यह धनराशि नगर पालिका को मिल जाएगी और नगर में अमृत टू योजना के तहत पेयजल के काम को चुस्त दुरुस्त कराया जाए, ताकि नगर में पेयजल के संकट से निजात मिल सके।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य प्रारंभ करने से पूर्व वित्तीय हस्त पुस्तिका के अनुसार सक्षम स्तर से तकीनीकि स्वीकृति प्राप्त कर ली जाए। व्यय वित्त समिति द्वारा निर्देशो का अनुपालन के तहत निष्प्रयोज्य उपकरणों एवं सामग्री से प्राप्त धनराशि राजकोष में जमा कराई जाए।
