अयोध्या में नहीं है हॉकी की स्कूली टीम, प्रतियोगिता कैंसिल
अयोध्या, अमृत विचार। खेलों को बढ़ावा देने की हुंकार और जिला विद्यालय निरीक्षक का निर्देश जिले के स्कूलों पर कोई प्रभाव नहीं कर रहा है। नतीजा यह है कि जनपदीय विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता में कभी एक टीम तो कभी दो टीमें ही पहुंच पाती हैं। जिले में लगभग साढ़े चार सौ माध्यमिक विद्यालयों में से किसी प्रतियोगिता में चार या छह टीम का भी अकाल पड़ा है। किसी तरह जिला क्रीड़ा समिति प्रतियोगिता को आगे बढ़ाने की जुगत लगा रहे हैं।
सोमवार को मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज के संयोजन में जनपदीय अंडर-14, 17 व अंडर19 बालक व बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन डाभासेमर के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में किया गया। प्रतियोगिता के बालक व बालिका वर्ग में कुल छह स्पर्धाएं होनी थी। लेकिन जिले के किसी भी विद्यालय से कोई टीम प्रतिभाग करने नहीं पहुंची। जिला क्रीड़ा समिति के सचिव धमेन्द्र सिंह ने बताया कि किसी भी विद्यालय की टीम पूरी न होने के कारण प्रतियोगिता नहीं हो सकी। मंडलीय प्रतियोगिता के लिए सोमवार को प्रतिभाग करने पहुंचे खिलाड़ी व अधूरी टीमों के खिलाडियों का ट्रायल लेकर जिला टीम चयनित की जाएगी।
बताते चलें कि कुछ एक ही प्रतियोगिता को छोड़ कर लगभग सभी जनपदीय प्रतियोगिताओं का यही हाल है। जबकि जिला स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता टीम मंडल में तथा मंडल की विजेता प्रदेशीय प्रतियोगिता में और प्रदेशी की विजेता टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती है। ऐसे में जिले के स्कूलों के खेल का हाल बेहद चिन्तनीय है।
ये भी पढ़ें -NTPC अधिकारियों ने चुपके से बेच दी नौ करोड़ की राख! विजिलेंस की जांच में हुआ खुलासा
