मुरादाबाद : सीएमओ ने महानगर की 8 आशाओं को किया बर्खास्त, जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिछले कई महीने से कार्य की प्रगति रिपोर्ट शून्य आने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

मुरादाबाद, अमृत विचार। कार्य में शिथिलता पर महानगर अर्बन क्षेत्र की 8 आशाओं की सेवाएं समाप्त होने की कार्रवाई हुई है। यह कार्रवाई डीएम के आदेश पर सीएमओ ने की है। सीएमओ के इस आदेश के बाद आशाओं में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में आशाओं के कार्यों की भी समीक्षा हुई थी।

इसमें पता चला कि अर्बन क्षेत्र की आशाओं में 8 आशा का कार्य काफी खराब है। पिछले कई महीने से उनके कार्य की प्रगति सीएमओ ऑफिस में नहीं आ रही है। इसलिए संबंधित आशा क्षेत्र के लाभार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। जिन आशाओं की सेवा समाप्त की गई है, उनमें कांशीराम नगर की आशा मोनी सागर, नीरज व अनीता और फकीरपुरा की आशा उमा पांडेय व अंशु एवं कंजरी सराय की आशा रीना सिंह, मुकर्रबपुर की आशा राजबाला और मझोला क्षेत्र की आशा शिवानी रानी हैं।

सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि आशा शहर, कस्बा और गांव के स्वास्थ्य विकास के लिए बीमारियों से बचाव तथा स्वास्थ्यवर्धन का कार्य करती हैं। ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस को आयोजित करने में आशा की प्रमुख भूमिका है। इस दिन बच्चों को टीकाकरण के लिए केंद्र पर लाना, माता और गर्भवती स्त्रियों को आंगनबाड़ी केंद्र पर लाकर उनकी जांच करना रहता है।

उन्होंने बताया कि इस समय विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चल रहा है। जिसमें आशा की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके अलावा नियमित टीकाकरण, जन्म से पांच वर्ष के बच्चों का सर्वे करना। इन सभी कार्यों में इन सभी आठ आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पिछले कई महीने से शून्य रही है। उन्होंने बताया कि अर्बन क्षेत्र में कुल 300 आशा कार्यकर्ता थीं। अब आठ आशा कार्यकर्ताओं को सेवा से बर्खास्त किया गया है तो उनकी जगह पर नई आशा कार्यकर्ता का चयन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मादक पदार्थों ने बढ़ाई हेपेटाइटिस बी व सी के रोगियों की संख्या, स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय 

संबंधित समाचार