मरीज की मौत पर परिजनों का फूटा गुस्सा, डॉक्टर पर जमकर चलाए लात-घूंसे-पैरामेडिकल स्टाफ को दौड़ाकर पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

केजीएमयू के पूर्व प्रोफेसर की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा वायरल

अमृत विचार, लखनऊकेजीएमयू (किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) के पूर्व प्रोफसर को तीमारादारों ने जमकर पीटा। मंगलवार देर रात गोमतीनगर विस्तार के एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज की मौत हो गई थी, इस पर परिजन भड़क गए थे। परिजनों ने डॉक्टरों की पिटाई कर पैरामेडिकल स्टाफ को भी नहीं बक्शा। डॉक्टर को बचाने आए पैरामेडिकल स्टाफ को आक्रोशित परिजनों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना कैद हो गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। अस्पताल के डॉक्टर ने मरीज के परिजनों के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखित शिकायत देते हुए सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच करने जुटी है। 

प्रभारी निरीक्षक सुधीर अवस्थी ने बताया कि क्षेत्र के सेक्टर-चार में स्थित इग्निस हॉस्पिटल में केजीएमयू के पूर्व प्रोफेसर डॉ.रविदेव के साथ मारपीट की गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह डॉ. रवि देव अस्पताल में भर्ती मरीज को देख रहे थे। तभी तीमारदारों की डॉक्टर और स्टाफ नर्स से बहसबाजी होने लगी। इस बीच एक तीमारदार ने स्टाफ पर हाथ उठा लिया। चंद मिनट में अस्पताल में मारपीट होने लगी। हंगामा बढ़ता देख स्टाफ वहां से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद मरीज के परिजन डॉक्टर को हाथ पकड़ जबरन वेटिंग हॉल में लेकर आए और उन्हें लात-घूंसों से पीटने लगे।

आरोप है कि परिजनों ने उन पर कुर्सी फेंक कर मारी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मंगलवार रात अस्पताल में भर्ती मरीज श्याम कुमार की मौत हो गई थी। इस पर तीमारदारों का गुस्सा फूट पड़ा। तीमारदारों का दावा है कि मरीज की मौत के बाद भी डॉक्टर उन्हें जीवित बता इलाज कर रहे थे। तीमारदारों के पूछने पर डॉक्टर नाराज हो गए और वहां से जाने की बात कहने लगे। कुछ देर बाद तीमारदारों को पता चला कि उनके मरीज की मौत हो गई। इस पर तीमारदार भड़क गए।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बंथरा के पहाड़पुर गांव निवासी श्याम कुमार को न्यूरो की समस्या थी। बीते 18 जुलाई को परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनका कहना है कि अस्पताल के डॉक्टर ने परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर परिजनों की पहचान कराई जा रही है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें- दसवीं के छात्र को पीटने का मामला : कक्षाध्यापक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू

संबंधित समाचार