दसवीं के छात्र को पीटने का मामला : कक्षाध्यापक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने जांच कमेटी बना गहनता से शुरू की पड़ताल
लखनऊ/ मलिहाबाद, अमृत विचार। मलिहाबाद तहसील के राजकीय हाईस्कूल में दसवीं के छात्र और उसके सहपाठी को बुरी तरह पीटने वाले कक्षाध्यापक मो. सलीम आशिके रसूल के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो चुकी है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने एक जांच कमेटी बनाई है। जोकि, छात्र व उसके परिजनों से पूछताछ कर कक्षाध्यापक के अचारण और व्यवहार के बारे में स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों से भी पूछताछ करेगी। इसके बाद जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कक्षाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मलिहाबाद कोतवाली पुलिस ने छात्र के पिता की लिखित शिकायत पर कक्षाध्यापक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
गौरतलब है कि 22जुलाई को मलिहाबाद के पुरवा गांव निवासी दसवीं कक्षा का छात्र (16) सहपाठी के साथ काकोरी के राजकीय हाईस्कूल में पढ़ने गया था। आरोप है कि कक्षाध्यापक मो. सलीम आशिके रसूल ने छात्र और उसके सहपाठी से कुछ प्रश्न किए थे, उनका उत्तर न मिलने पर कक्षाध्यापक ने छात्र का सिर फोड़ उसके सहपाठी को बुरी तरह पीट दिया था। मंगलवार को छात्र के पिता ने कक्षाध्यापक के खिलाफ मलिहाबाद कोतवाली में एसटी-एससी एक्ट, मारपीट, गाली-गलौज व धमकी देने की धारा में प्राथमिकी दर्ज की थी।
सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कक्षाध्यापक मो. सलीम आशिके रसूल के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। एक जांच कमेटी बनाई गई है, जोकि पूरे मामले की गहनता से जांच करेगी। यह कमेटी छात्र व उसके सहपाठी से पूछताछ कर परिजनों का बयान लेगी। उसके बाद विद्यालय में पढ़ने वाले अन्य विद्यार्थियों से भी कक्षाध्यापक के अचारण के बारे में पूछताछ की जाएगी। जांच में मिलते तथ्यों के आधार पर ही कक्षाध्यापक के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस भी छात्र व उसके सहपाठी के बयान दर्ज कर कक्षाध्यापक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की कवायद में जुटी है।
यह भी पढ़ें- वीडियो वायरल : पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में महिला सिपाही करती रही गाली-गलौज
