Kannauj News: ट्रक चालक ने यातायात सिपाही को रौंदने का किया प्रयास...चौकी इंचार्ज के साथ भी की हाथापाई, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में ट्रक चालक ने यातायात सिपाही को रौंदने का किया प्रयास

कन्नौज, अमृत विचार। जाम खुलवाते समय ट्रक चालक ने यातायात हेड सिपाही पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया पर वह बच गये। इस के बाद उस ने हेड सिपाही से अभद्रता की।

जानकारी पर पहुंचे सरायमीरा चौकी इंचार्ज के साथ भी धक्का मुक्की व गाली गलौज हुई। बाद में पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। जांच कराने पर आरोपी शराब के नशे में पाया गया। इसके बाद उसे न्यायालय से जेल भेजा गया।

सदर कोतवाली क्षेत्र के सरायमीरा स्थित बालाजी धर्मकांटे के निकट जीटी रोड पर यातायात हेड सिपाही धर्मेंद्र मक्का के ट्रैक्टरों से लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिये ड्यूटी पर लगे थे। इसी बीच एक ट्रक धर्मकांटा के निकट पहुंचा। सिपाही ने ट्रक चालक को इशारा कर लाइन से आने को कहा, जिससे जीटी रोड पर जाम न लगे।

सिपाही के कहने पर भी चालक नहीं माना और तेज रफ्तार में ट्रक चलाते हुए सिपाही पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो सिपाही अगर मौके से हट न जाता तो ट्रक उसके ऊपर चढ़ जाता। चालक से जब सिपाही ने सही तरह से ट्रक चलाने को कहा तो वह धक्का मुक्की करने लगा।

सिपाही ने इसकी जानकारी सरायमीरा चौकी प्रभारी संजीव कुमार को दी तो वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक चालक को ट्रक से नीचे उतारा तो वह दरोगा से भी उलझ गया और धक्का मुक्की के साथ गाली गलौज करने लगा। इससे मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई।

किसी तरह दरोगा ने यातायात सिपाही व एक अन्य साथी सिपाही के साथ आरोपी को हिरासत में ले लिया। ट्रक को चौकी में खड़ा करा दिया गया। कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को जेल भेजा गया है।

ये भी पढ़ें- कानपुर शताब्दी का एसी फेल...हंगामा, गोमती में चढ़े सपेरे, बच्चे सहमे, रेल मंत्री के एक्स पर दोनों मामले ट्वीट

 

संबंधित समाचार