कठुआ आतंकी हमला: आतंकियों के दो मददगार को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सेना के गश्ती दल पर हुए आतंकी हमले में संलिप्तता के लिए आतंकवादियों के दो कथित मददगारों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आतंकी गतिविधियों से निपटने को लेकर जारी प्रयासों के तहत आतंकियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया है। 

जिले के दूरस्थ मछेड़ी इलाके में हथियार बंद आतंकवादियों द्वारा आठ जुलाई को घात लगाकर किये गये हमले में एक जूनियर कमीशन अधिकारी सहित सेना के पांच जवान शहीद हुए थे और पांच अन्य लोग घायल हुए थे। प्रवक्ता ने बताया, “इन व्यक्तियों ने पुलिस से महत्वपूर्ण जानकारी जानबूझकर छिपाई थी।” 

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बिलावर के कलना धानू परोल के रहने वाले लायाकत अली उर्फ ​​पावू और मल्हार के बौली मोहल्ला के रहने वाले मूल राज उर्फ ​​जेनजू के रूप में हुई है। प्रवक्ता के अनुसार, दोनों ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी देने से इनकार कर दिया, जिससे आतंकवादी गतिविधियों को रोकने के प्रयासों में बाधा उत्पन्न हुई। 

उन्होंने बताया कि मल्हार थाने में अली और राज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 (1) (आपराधिक साजिश), 113 (आतंकी कृत्य), 147 (भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने के प्रयास), 150 (युद्ध छेड़ने की योजना को सुविधाजनक बनाने के इरादे से छिपाना) और ‘इग्रेस एंड इंटरनल मूवमेंट कंट्रोल’ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 

प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले के संबंध में 100 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की गई और 40 से अधिक अन्य के खिलाफ निवारक उपाय अमल में लाए गए हैं। उन्होंने बताया, “इन समर्थकों की गिरफ्तारी हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।” 

 

संबंधित समाचार