रामपुर: निकोसिया में भारतीय उच्चायुक्त से मिले पूर्व मंत्री नवेद मियां, इन बातों को लेकर हुई चर्चा
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने सायप्रस में भारत के उच्चायुक्त मनीष से मुलाकात की। दोनों के बीच शूटिंग के लिए संभावित स्थानों को अंतिम रूप देने के लिए फिल्म इकाइयों को सायप्रस का दौरा करने के लिए आमंत्रित करने के लिए बातचीत हुई।
दोनों ने सायप्रस में एक फिल्म की शूटिंग के लिए बॉलीवुड प्रोडक्शन हाउस से बात करने का निर्णय लिया। दोनों के बीच साइप्रस के लिमासोल शहर में रॉयल फेबल्स प्रदर्शनियों के साथ रामपुर फूड वीकेंड की मेजबानी की संभावना पर भी चर्चा की गई। नवेद मियां उनसे पिछले साल जुलाई में वैंकूवर में भी मिले थे, जब वह वहां भारत के महावाणिज्य दूत के रूप में तैनात थे।
पूर्व मंत्री के पीआरओ काशिफ ने बताया कि मनीष भारत स्थित विदेश मंत्रालय में विभिन्न दायित्व संभाल चुके हैं। वह कोलंबो में स्थित दूतावास में काउंसलर और वैंकूवर में भारत के महावाणिज्य दूत भी रहे हैं। सायप्रस की राजधानी निकोसिया स्थित भारतीय दूतावास में मनीष 15 मई 2024 से उच्चायुक्त हैं। भारतीय उच्चायोग में सम्मान प्रदान करने के लिए नवेद मियां ने उच्चायुक्त का आभार व्यक्त किया है।
