दहेज उत्पीड़न : बेटी पैदा होने पर शौहर ने बोला तीन तलाक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ससुराल में महिला को जिंदा जलाने की कोशिश, सआदतगंज और सरोजनीनगर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

लखनऊ, अमृत विचार। तीन-तलाक पर कानून बनाए जाने के बावजूद मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक दिया जा रहा है। जिसका सिलसिला बदस्तूर जारी है। सआदतगंज कोतवाली में एक महिला ने शौहर समेत ससुराल पक्ष वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि ससुराल में दहेज की अतिरिक्त मांगों को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता रहा, जब उसने बेटी को जन्म दिया तब शौहर ने तीन बार तलाक-तलाक बोलकर उसे घर से निकला दिया गया। वहीं, सरोजनीनगर थाने में एक महिला ने ससुराल पक्ष वालों पर उसे जिंदा जलाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल, पुलिस दोनों ही मामलों की जांच में जुटी है।

कानपुर के चमनगंज निवासी महिला का निकाह वर्ष 2021 में सआदतगंज निवासी मो. याकूब से हुआ था। लिखित शिकायत में महिला ने बताया कि ससुराल में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। जब वह गर्भवती हुई तब सास ने जबरन लिंक जांच के लिए उसका अल्ट्रासांउड कराया। जिसमें गर्भ में बेटी होने की बात पता चलने पर गर्भपात का दबाव बनाया गया। गर्भपात से इंकार करने पर शौहर परिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर उससे मारपीट करने लगा। मायके में बेटी को जन्म देने के बाद पीड़िता ससुराल पहुंची, जहां कुछ दिन रहने के बाद शौहर ने तीन तलाक बोलकर उससे घर से निकाल दिया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत पर ससुराल पक्ष वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महिला को जिंदा जलाने की कोशिश

सरोजनीनगर के बद्रीनगर निवासी वैष्णवी यादव की शादी वर्ष 2022 में नवीन गौरी हाईडिल कॉलोनी निवासी राहुल यादव से हुई थी। लिखित शिकायत में महिला ने आरोप कि ससुराल वाले दहेज में 10 लाख रुपये और एक कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। बीते जून 2023 को पति राहुल ने अपने परिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर पीड़िता की पिटाई की। शोर-मचाने पर ससुराल पक्ष वालों ने उस पर पेट्रोल डाल जिंदा जलाने की भी कोशिश की गई। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र गिरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला के ससुराल पक्ष वालों पर एफआईआर दर्ज की गई है।  

यह भी पढ़ें- लखनऊ : ब्लैकमेलिंग से तंग आकर छात्रा ने विषैला पदार्थ खाकर आत्महत्या का किया प्रयास

 

संबंधित समाचार