लखनऊ : ब्लैकमेलिंग से तंग आकर छात्रा ने विषैला पदार्थ खाकर आत्महत्या का किया प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। गुड़म्बा थाना अंतर्गत ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक छात्रा ने विषैले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की थी। स्वास्थ्य में सुधार होने पर डॉक्टरों ने छात्रा को अस्पताल से छुट्टी दे दी है। इसके बाद छात्रा के पिता ने शोहदों के खिलाफ सम्बन्धित थाने में लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

प्रभारी निरीक्षक नितिश श्रीवास्तव के मुताबिक, मूलरुप से देवरिया जनपद निवासी छात्रा के पिता ने फैजल व दानिश के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। लिखित शिकायत में पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी बेटी गुड़म्बा स्थित एक यूनिवर्सिटी में पढ़ती है। आरोप है कि छह महीने से फैजल और दानिश उनकी बेटी का पीछा कर परेशान कर रहे हैं। दोनों ही बेटी के कॉलेज तक पीछा करते थे। शोहदे बेटी से दोस्ती करने का दबाव बनाते थे। इंकार करने पर शोहदों ने चोरी छिपे बेटी की फोटो खींच उसके एडिट कर दिया। इसके बाद एडिट फोटोग्राफ को वायरल करने की धमकी देते हुए छात्रा को ब्लैकमेल करने लगे।

पीड़ित पिता ने बताया कि ब्लैकमेलिंग से तंग आकर बुधवार को बेटी ने विषैले पदार्थ का सेवन कर खुदकुशी करने का प्रयास किया।  आरोप है कि बेटी के विषैला पदार्थ खाने के बाद भी आरोपित उसे फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पिता ने बताया कि बेटी का 31 जुलाई को परीक्षा है। डाक्टर की सलाह पर उसे वह घर ले आए है। पीड़ित ने शोहदों की गिरफ्तारी की मांग की हैं। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पिता की  लिखित शिकायत पर शोहदों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

यह भी पढ़ें- बेटों की हरकत : बुजुर्ग पिता को पीट अधमरा कर में गोदाम में फेंका

संबंधित समाचार