पीलीभीत : खेत में स्प्रे करने गए किसान को दिखा बाघ, शीशम के पेड़ पर चढ़कर बचाई जान
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ट्रेस किए पगचिन्ह
ललौरीखेड़ा, अमृत विचार : गन्ने में स्प्रे कर रहे किसान को खेत में बाघ बैठा दिखाई दिया। बाघ को देखकर किसान के पसीने छूट गए। घबराकर वह पड़ोस में लगे शीशम के पेड़ पर चढ़ गया और खुद को बचाया। ग्रामीणों को फोन कर मामले की सूचना दी। इस पर ग्रामीण और कुछ देर में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि बाघ जा चुका था। टीम ने पगमार्क ट्रेस कर ग्रामीणों को अलर्ट किया।
जहानाबाद क्षेत्र के गांव सियाबाड़ी पट्टी के नरेश पटेल ने बताया कि गुरुवार को वह अपने खेत में लगी गन्ने की फसल में स्प्रे करने के लिए गए थे। स्प्रे करते हुए वह खेत के अंदर की ओर दाखिल हुए तो उन्हें कुछ आहट महसूस हुई। इस पर उन्होंने छिपकर देखा तो बाघ खेत में लेटा हुआ था। ये देखकर उनका पसीना छूट गया। घबराकर वह खेत के बाहर की तरफ आए और खुद को बचाने के लिए शीशम के पेड़ पर चढ़ गए।
कॉल कर अन्य ग्रामीणों को जानकारी दी। कुछ ही देर में काफी लोग जमा हो गए। जानकारी मिलने पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर देवऋषि टीम के साथ पहुंचे। हालांकि बाघ जा चुका था। किसान पेड़ से उतरा और पूरी बात बताई। टीम ने बाघ के पगचिन्ह ट्रेस कर अलर्ट रहने के निर्देश दिए। निगरानी टीम को भी लगा दिया गया है।
यह भी पढ़ें- मुनाफे का झांसा देकर कराया निवेश, करोड़ों रुपए डकार कर चली गई कंपनी
