दबंगों के डर से यह मकान बिकाऊ है, योगी जी बचाओ.., पोस्टर चस्पा कर पीड़ित परिवारों ने किया पलायन
बांदा,अमृत विचार। दबंगों द्वारा आए दिन छेड़छाड़, मारपीट और अभद्रता से त्रस्त परिवारों ने घर के बाहर मकान बिकाऊ का पोस्टर चस्पा कर पलायन कर गए। आरोप है कि दबंगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने से पुलिस भी कार्रवाई नहीं करती। दहशत के बलबूते दबंग ग्रामीणों को खेत और घर बेचने को मजबूर करते हैं। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से घटना का संज्ञान लेकर दबंगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
गिरवां थाना क्षेत्र के सहेबा गांव निवासी प्रजापति परिवारों ने अपने घर की बाहरी दीवार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित यह मकान बिकाऊ है, योगी जी दबंगों से बचाओ का पोस्टर चस्पा कर पलायन कर गए। पालयन करने वाले परिवार का आरोप है कि दबंगों को पुलिस और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। आए दिन गांव में दबंग शक्ति प्रदर्शन करते हुए जमीन, खेत और घर बेचने को मजबूर किया जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में पिता-पुत्र दबंगों के खौफ से खेत और मकान बेचकर पलायन कर चुके हैं। अब श्याम सुंदर पुत्र दशरथ प्रजापति को निजी पुश्तैनी आवास छोड़ पलायन कर गया। श्याम सुंदर का कहना है कि देहात कोतवाली क्षेत्र के बिलबई गांव के मजरा निजामत पुरवा में वह परिवार समेत किराए के मकान में रह रहा है। दबंगों के विरुद्ध छेड़छाड़ समेत मारपीट की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है।
आरोप है कि ताला बंद मकान को दबंगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। उधर, गिरवां थानाध्यक्ष राकेश तिवारी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट समेत छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज है। न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। पीड़ित फर्जी तरीके से हथकंडे अपना कर पुलिस पर बेजा ही दबाव बना रहे हैं।
ये भी पढ़ें -प्रतापगढ़ में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत-बिस्किट लेकर जा रहा था घर
