Kanpur: गे-डेटिंग एप के जरिये मैनेजर ने युवक से की थी दोस्ती, अकेले होने पर बुलाया घर, फिर हुआ कुछ ऐसा...सुनकर सभी हैरान
कानपुर, अमृत विचार। बर्रा थानाक्षेत्र में असिस्टेंट मैनेजर के घर से 13 लाख चोरी करने वाले शातिर सनी शिंदे को एलआईसी मैनेजर ने खुद मिलने के लिए ही बुलाया था। दोनों की मुलाकात गे-डेटिंग एप के जरिए हुई थी। प्राइवेसी के नाम पर मैनेजर ने घर खाली होने का भरोसा भी दिया था। घर आए शातिर ने मौका पाकर घर में रखे जेवरात व नकदी की जानकारी की और इसके बाद उसे नशीली चॉकलेट खिला कर बेहोश कर दिया। शातिर को उम्मीद थी कि बदनामी के डर से मैनेजर किसी को कुछ नहीं बताएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
महाराष्ट्र निवासी सनी द्वारा खुद को सीआईएसएफ कर्मी बताकर सिर्फ पॉलिसी कराने आने और बहाना बनाकर रात में घर में रुकने की कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की तो परत दर परत राज खुलने लगे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने गे-डेटिंग एप के माध्यम से मैनेजर को अपनी बातों में फंसाया था।
चैटिंग के दौरान सनी ने मैनेजर के घर के सभी सदस्यों की जानकारी जुटा ली। मैनेजर ने होटल में मिलने की इच्छा जताई तो सनी ने प्राइवेसी का बहाना बनाकर घर पर ही मिलने की जिद की। प्राइवेसी के नाम पर पत्नी को कहीं भेजने की बात कही। पत्नी के मायके जाने के बाद मैनेजर ने सनी को घर बुला लिया। आरोपी ने बताया कि जब वह मैनेजर के घर पहुंचा तो उस समय मैनेजर घर पर अकेले थे।
बातचीत के दौरान उसने जेवर व नकदी की पूरी जानकारी कर ली। इसके बाद मैनेजर को अपने हाथ से नशीली चॉकलेट खिलाई। उनके बेहोश होने के बाद नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गया। डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित ने इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी थी। जांच के दौरान यह बाते सामने आई है।
