लखीमपुर खीरी: भाजपा नेता का भतीजा बताकर जिला अस्पताल में काटा हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। भाजपा नेता का भतीजा बताने वाले युवक पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ जिला अस्पताल में हंगामा काटा और स्टॉफ के साथ अभद्रता भी की। घटना के विरोध में मंगलवार सुबह से ही जिला अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी हड़ताल पर चले गए और इमरजेंसी सेवाएं ठप कर …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। भाजपा नेता का भतीजा बताने वाले युवक पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ जिला अस्पताल में हंगामा काटा और स्टॉफ के साथ अभद्रता भी की। घटना के विरोध में मंगलवार सुबह से ही जिला अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी हड़ताल पर चले गए और इमरजेंसी सेवाएं ठप कर अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया।

उधर इस घटना के विरोध में टीबी अस्पताल के कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं। खास बात यह है कि मंगलवार को ही कमिश्नर को जिला अस्पताल का निरीक्षण भी करना है। लेकिन इस बीच हुए इस बवाल ने जिला प्रशासन की जान सांसत में फंसा दी है।

बताया जाता है कि यह युवक सोमवार देर रात नशे में जिला अस्पताल पहुंचा। वह अपने किसी मरीज का हाल जानने आया था। खुद को भाजपा नेता का भतीजा बताने वाले इस युवक ने इमरजेंसी चिकित्सक और स्टॉफ से जमकर बदसलूकी की। शराब के नशे में धुत गुंडों ने जिला अस्पताल में गुंडई की। इमरजेंसी में पड़े मरीजों को भी परेशान किया।

रात 1 बजे बीयर की बोतलें लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा चलता रहा। सुबह नाराज स्टाफ ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं बाधित कर दीं । चिकित्साकर्मियों ने घटना से परेशान होकर हड़ताल कर दी है। अस्पताल के कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर ताला डाल दिया जिससे गंभीर मरीज भी अस्पताल में दाखिल नहीं हो सके।

रात में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अजय यादव ने बताया कि कुछ लोग नशे की हालत में आए और हंगामा काटा, डॉक्टरों ने बताया कि बवाल करने वाले दबंगों में एक युवक अपने आपको धौरहरा सांसद व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा का भतीजा बता रहा था।

 

संबंधित समाचार