पांच साल बीते, अमित कंछल ने जमीन दी न वापस किया पैसा, गया जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

12 बीघा भूमि दिखाकर 20 बीघा जमीन की हुई थी डील, औरैया समेत कई जिलों में पहले से दर्ज हैं केस, गैंगेस्टर की भी हो चुकी है कार्रवाई

बाराबंकी, अमृत विचार। लखनऊ के प्रॉपर्टी डीलर को जिले में जमीन दिलाने का झांसा देकर दो करोड़ 20 लाख रुपये हड़पने के मामले में व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल के पुत्र अमित कंछल को पुलिस ने लखनऊ स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर जेल भेजा। जिस मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की, उसमें आरोप है कि फर्जी कंपनी बनाकर लखनऊ के शिवरत बिल्डर्स के निदेशक रितुराज सिंह से ठगी की गई। जिस जमीन का सौदा हुआ था, उसे दूसरे को बेच दिया गया। इस खेल में अमित कंछल समेत सात लोग शामिल थे।

बिल्डर रितुराज सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में उनकी एप्पल रियल इफ़ामार्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशकों अमित कंछल, करुणा, निकुंज, नीरज, अपर्णा अग्रवाल और मैनेजर दिनेश सिंह के साथ लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे एक करोड़ 10 लाख रुपए प्रति बीघा पर जमीन की बात हुई। 12 बीघा भूमि दिखाकर 20 बीघा जमीन की डील हुई। लेकिन 5 साल बीतने के बाद भी न तो जमीन मिली और न ही पैसा वापस किया गया।

रितुराज सिंह के मुताबिक हमारे बीच जिस जमीन का सौदा तय हुआ था, उस भूमि को कंपनी ने पहले से दूसरे को बैनामा कर रखा था। 14 जनवरी 2024 को अमित कंछल से पैसे वापस मांगने पर पिटाई और जान से मारने की धमकी दी गई। रितुराज ने बताया कि अमित कंछल पर पहले से औरैया और दूसरे कई जिलों में गैंगस्टर सहित करीब एक दर्जन मुकदमे विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं। कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विवेचना में ठगी के सबूत मिलने पर पुलिस ने अमित कंछल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। 

हाइवे किनारे की जमीनों पर गड़ी निगाहें

बढ़ती कीमतों के बीच हाइवे किनारे बेशकीमती जमीनों पर बिल्डर्स निगाहें गड़ाए हुए हैं और राजस्व कर्मियों से मिली भगत से जमीनों की खरीद फरोख्त जारी है। आलम यह है कि जिले में ग्राहक से बिल्डर जिस जमीन का सौदा करते हैं, उसी भूमि को वह दूसरों को भी बैनामा कर देते हैं। इस मामले में भी बिल्डर रितुराज सिंह की कंपनी लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे प्लाटिंग के विस्तार के लिए और जमीन की जरूरत थी। रितुराज की जरूरत को समझकर पहले उन्हें जाल में फंसाया गया, फिर एक करोड़ 10 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से हाईवे के पास दो बीघा जमीन का सौदा हुआ।

रितुराज ने कई बार में दो करोड़ 20 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। कुछ दिन बाद जब कंपनी के मैनेजर दिनेश सिंह से जमीन का बैनामा करने को कहा गया तो वह टालने लगे। कई दिन बाद जमीन को लेकर रितुराज से दो करोड़ रुपए और मांगे जाने लगे। फिर अमित कंछल और इनके सहयोगियों द्वारा जमीनों का बैनामा किसी और के नाम से कर दिया गया और इसका विरोध करने और पैसा मांगने पर रितुराज को जान से मारने की धमकी दी जाने लगी।

यह भी पढ़ें:-IND vs SL T20 2024: भारत ने श्रीलंका को 43 रन से हराया, श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बनाई

संबंधित समाचार