आत्मघाती कदम : आर्थिक तंगी से परेशान टेलर ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद बसंत कुंज योजना में युवक को किया था विस्थापित
लखनऊ/ काकोरी, अमृत विचार। अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद बसंत कुंज योजना में शिफ्ट हुए टेलर अजीज ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। दो साल पहले अजीज की शादी हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा उसकी छह माह की एक बेटी है। फिलहाल, पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन घंटे तक खिड़की पर लटका रहा शव
परिजनों ने बताया कि अजीज के बुआ का बेटा सलमान रविवार सुबह चार बजे पानी पीने के लिए उठा। तब उसने मामा को खिड़की पर खड़ा पाया। फिर सुबह साढ़े सात बजे सलमान ने अजीज को उसकी जगह खड़ा पाया, तब उसने बाकी लोगों को सूचना दी। इसके बाद लोगों ने अजीज के फ्लैट का दरवाजा तोड़ उसे फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुकरैल नाले के पास था घर
अकबरनगर के कुकरैल नाले पास अजीज का मकान था। उसकी अस्थायी तौर पर सिलाई की दुकान थी। परिजनों ने बताया कि अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद सरकार की तरफ से उसे भी बसंतकुज योजना में विस्थापित किया गया था। परिजनों ने बताया कि रोजगार खत्म हो जाने की वजह से अजीज परेशान हो चुका था।
वह रोजाना अकबरनगर में दुकान पर जाता था कि शायद उसका काम फिर से चलने लगे, लेकिन बसंतकुज से अकबरनगर तक जाने में उसका पैसा भाड़े में खत्म हो जाता था, वो लोगों से रुपया उधार लेकर कामकाज के लिए जाता था। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया से आर्थिक तंगी से परेशान टेलर ने आत्मघाती कदम उठाया है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें- खूनी मांझे का खेल : मांझे से पंतग नहीं, कट रही जीवन की डोर
