आगरा: एक तरफा प्यार में पागल युवती ने युवक पर फेंका तेजाब, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा, अमृत विचार। आगरा में हैरान कराने वाला मामला सामने आया है। अभी तक एक तरफा प्यार में प्रेमी द्वारा प्रेमिका पर तेजाब फेंकने के मामले सामने आते थे, लेकिन आगरा में प्रेमिका ने प्रेमी पर तेजाब फेंक दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि 27 जुलाई को थाना हरीपर्वत क्षेत्र के शास्त्रीनगर में एक युवक अपनी दुकान पर बैठा था। तभी वहां पर एक महिला आई। उसने अपने थैले से एक डिब्बा निकाला और युवक के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। इसके बाद महिला फरार हो गई थी। पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने जब पीड़ित से पूछताछ की तो उसने बताया कि तेजाब फेंकने वाली महिला से पहले उसके प्रेम संबंध थे। वो उसकी प्रेमिका थी।

जब उसने प्रेमिका से शादी करने को कहा तो उसने मना कर दिया था। इसके बाद उसकी प्रेमिका से बातचीत बंद हो गई। दोनों ने एक दूसरे से दूरी बना ली थी। मगर, कुछ दिन पहले उसकी किसी दूसरी युवती से शादी तय हो गई। प्रेमिका को इसकी जानकारी हुई। उसका फोन आया था। उसने मिलने के लिए कहा तो 27 तारीख को मिलने के बहाने दुकान पर आई थी। वो कुछ समझ पाता इससे पहले उसने तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने तहरीर के बाद युवक की पूर्व प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें- आगरा: वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बल्केश्वर महादेव मेले का शुभारंभ, केंद्रीय राज्यमंत्री बघेल ने किया उद्घाटन

संबंधित समाचार