भाजपा का राष्ट्र और तिरंगा प्रेम दिखावा: दीपक मिश्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ( लोहिया) की ओर से बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती व तीन अन्य नेताओं के खिलाफ राष्ट्रध्वज तिरंगा के अपमान का आरोप लगाते हुए हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्र और तिरंगा प्रेम …

लखनऊ, अमृत विचार। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ( लोहिया) की ओर से बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती व तीन अन्य नेताओं के खिलाफ राष्ट्रध्वज तिरंगा के अपमान का आरोप लगाते हुए हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्र और तिरंगा प्रेम दिखावा है।

मिश्र ने कहा कि तिरंगे के अपमान के लिए पीडीपी के उतना ही भाजपा भी दोषी है। बीजेपी व पीडीपी मिलकर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का कुत्सित खेल, खेल रही हैं। केंद्र में भाजपा की प्रत्यक्ष और उपराज्यपाल के माध्यम से जम्मू- कश्मीर में परोक्ष सरकार है, फिर भी महबूबा मुफ्ती के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। सर्वविदित है कि मुफ़्ती भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना चुकी हैं।

तिरंगे के अपमान पर कोई कार्रवाई न होना और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का रहस्यमयी तरीके से चुप रहना दोनों की आंतरिक मिली भगत को उजागर करता है। भाजपा के लिए तिरंगा व राष्ट्रवाद केवल चुनावी फलसफे हैं। उन्होंने कहा कि चीन व पाकिस्तान से दो कार्यकालों में दो कदम जमीन भी वापस नहीं पाई । अकेले लद्दाख मोर्चे पर 38 हजार वर्ग किलोमीटर पर चीन कब्जा जमा चुका है। वहां तिरंगा फहराना चाहिए।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीडीपी के झंडे के समानांतर राष्ट्रध्वज फहरा कर तिरंगे का दोहरा अपमान किया है। राष्ट्रमन दोनों के कृत्यों से आहत है। दीपक के साथ प्रसपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा, व्यापार सभा अध्यक्ष राम बाबू रस्तोगी, बौद्धिक सभा प्रदेश महासचिव ब्रजेश मिश्र, प्रदेश सचिव जावेद अली, फारूख, समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर प्रसपा की जम्मू- कश्मीर के अध्यक्ष सरदार सुरेंदर सिंह ने भी कठुआ में महबूबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

संबंधित समाचार