बाराबंकी: दबंगों ने युवक पर किया लाठी डंडों और लोहे की रॉड से हमला, इलाज के दौरान तोड़ा दम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिता ने दो लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

बाराबंकी, अमृत विचार। कुर्सी थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक युवक को लाठी डंडे व लोहे की रॉड से पीट-पीटकर कर मरणासन्न कर दिया और भाग खड़े हुए। घटना की सूचना पीआरवी को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।

जनपद के कुर्सी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगापुरवा मजरे धरसंडा निवासी हंसराज पुत्र राम सिंह, जो कुर्सी पॉवर हाउस में दैनिक कर्मी के रूप में कार्यरत था। सोमवार की रात करीब 10:30 बजे पॉवर हाउस से घर वापस जा रहा था। तभी रास्ते में बेहड़पुरवा गांव के पास दो दबंग शरीफ अंसारी और शफीक अंसारी पुत्र अजीज अंसारी निवासी अब्बास नगर मजरे बहरौली थाना कुर्सी ने हंसराज को रोककर उससे झगड़ा शुरू कर दिया।

उन लोगों ने लोहे की रॉड और लाठी डंडे से उसकी जमकर पिटाई कर दी। जिससे हंसराज को गंभीर चोटे आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा। यह देख हमलावर मौके से भाग गए। घटना की सूचना पीआरवी को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हंसराज को इलाज के लिए लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता राम सिंह ने कुर्सी थाने में दोनों लोगो के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। थाना प्रभारी गजेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी: एक सप्ताह से बंद हैं एमडीएम, भूखे पेट घर लौट रहे नौनिहाल

संबंधित समाचार