रायबरेली: जलभराव से महानंदपुर में घर बिकाऊ है के लगाए गए पोस्टर
रायबरेली, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 11 की कच्ची गलियां व खड़ंजा, रास्ते से नीचे लोगों के मकान बारिश में घर कम ताल तलैया ज्यादा नजर आते हैं। वर्षों से नासूर बनी जलनिकासी की समस्या से जिले के भारी भरकम अफसरों की खेप मोहल्लेवासियों को इससे निजात नहीं दिला पाई है। अधिकतर बारिश के दिनों में मुसीबतों से जूझ रहे मोहल्लेवासियों ने अब घर बिकाऊ है के पोस्टर लगा दिए हैं।
मोहल्लेवासियों ने नपाप, सभासद व प्रशासनिक अधिकारियों पर उनकी समस्या का आज तक निराकरण न कराए जाने का आरोप लगाया है। शहर के वार्ड नंबर 11 महानन्दपुर में वर्षों से मोहल्लेवासी जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे हैं। जलनिकासी जैसी विषम परिस्थितियों का आज तक सामना करते चले आ रहे रामपाल ने नाराजगी जताते हुए बताया है कि यहां की नगर पालिका पूरी तरह से अंधी व बहरी हो चुकी है। कई बार शिकायती पत्र दिया गया लेकिन आज तक जलभराव की समस्या से जूझ रहे उन लोगों की समस्या का निदान नहीं कराया गया। इसी तरह से मोहल्ले के रहने वाले मनोज कुमार का कहना है कि तमाम बार नगर पालिका परिषद में लिखित प्रार्थना पत्र दिया लेकिन आज भी उनकी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। जब वह लोग शिकायत करके थक गए तो हम सभी लोगों ने मिलकर 10-10 रूपये का चंदा लगाकर सड़कों पर मिट्टी डलवाई, लेकिन इसके बावजूद भी जलनिकासी की समस्या से उन्हें निजात मिलते नहीं दिखाई दे रही है।
वहीं मोहल्ले की विभा यादव का कहना है कि यहां के अधिकारियों को उनके मोहल्ले में जलभराव की समस्या नजर नहीं आ रही है। कई बार हम लोगों ने इसकी शिकायत की लेकिन कोई निराकरण नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि बारिश के दिनों में उनके पूरे मोहल्ले में बारिश का पानी भर जाता है। ऐसी स्थित में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले उनके बच्चों को हो रही है। उनका यह भी कहना है कि जब मोहल्ले में बारिश का पानी भरा होता है तो वह घर से निकलने में सौ बार सोचती हैं।
ये भी पढ़ें -केरल भूस्खलन: मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 93 हुई, बचाव अभियान में आई तेजी
