रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में ली शपथ, सीएम विष्णु देव भी रहे मौजूद 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायपुर, अमृत विचार। रमेन डेका ने बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। पूर्व लोकसभा सदस्य और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव रहे 70 वर्षीय डेका ने मौजूदा राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन का स्थान लिया है। हरिचंदन पिछले वर्ष फरवरी में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल नियुक्त हुए थे। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने डेका को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने अंग्रेजी में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य के मंत्री और वरिष्ठ नौकरशाह उपस्थित थे। 

असम के निवासी डेका दो बार-2009 और 2014 में लोकसभा के लिए चुने गए थे। वह भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। डेका भाजपा में राष्ट्रीय सचिव के पद पर भी थे। उन्होंने भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त होने के बाद डेका मंगलवार को राजधानी रायपुर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान डेका ने कहा कि वह छत्तीसगढ़ में विकास को नये स्तर पर पहुंचाने के लिए काम करेंगे और केंद्र तथा राज्य के बीच सूत्रधार की भूमिका निभाएंगे, ताकि प्रदेश का विकास तेजी से हो सके।

ये भी पढ़ें -सोनिया गांधी ने आरएसएस पर किया तीखा प्रहार, कहा- मोदी सरकार ने चुनावी झटके से नहीं लिया सबक, कांग्रेस के पक्ष में माहौल

संबंधित समाचार