बहराइच: राम गांव थाने में पहुंचा अजीबोगरीब मामला, थानाध्यक्ष ने जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश
दुष्ट बकरे से बचाने की ग्रामीण ने लगाई गुहार
बहराइच, अमृत विचार। जिले के राम गांव थाने में मंगलवार को एक अजीबोगरीब मामला लेकर ग्रामीण पहुंचा। उसने थाने में शिकायती पत्र देकर थानाध्यक्ष से न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष ने हेड कांस्टेबल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
राम गांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुकेरिया के मजरा लालापुरवा निवासी नईम पुत्र सलामत अली ने मंगलवार शाम को थाने में तहरीर दी। उनका कहना है कि उन्होंने बकरियां पाल रखीं है। गांव निवासी बालीराम पुत्र मुन्नलाल, बालीराम के बेटे, बेटी और पत्नी के यहां एक बकरा है। वह काफी दुष्ट है। दो माह से बलीराम उनके बकरियों के बीच अपना दुष्ट बकरा छोड़ देते हैं। बकरा नईम की बकरियों को मारता पीटता है। जिसके चलते बकरियों का गर्भपात भी हो जाता है। दो माह से वह इस समस्या से काफी परेशान है। जिसके चलते तहरीर देने आया है।
थानाध्यक्ष ने मामले की जांच के लिए हेड कांस्टेबल अमरजीत को जिम्मेदारी दी है। इस मामले में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में मामला शांत करवाने का निर्देश दिया गया है।
ये भी पढ़ें- राहुल गांधी पर टिप्पणी से बिफरे नेता, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का कांग्रेस ने जलाया पुतला
