Pilibhit News: कांग्रेसियों के विरोध को लेकर अलर्ट रही पुलिस..जिलाध्यक्ष समेत कई पकड़े गए, पुतला फूंकने की थी तैयारी
पीलीभीत, अमृत विचार। कांग्रेस नेताओं के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। जिला कार्यालय से कांग्रेसी पुतला फूंकने के लिए बाहर निकले ही थे कि पहले से मुस्तैद पुलिस ने रोक लिया।
जिलाध्यक्ष समेत करीब दस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और सुनगढ़ी थाने ले आई। इसकी जानकारी मिलने पर अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। उधर, पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी में जुटी रही।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ता छतरी चौराहा के पास स्थित कार्यालय पर जमा हुए। जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा ने कहा कि भाजपा के पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर की ओर से राहुल गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा गया कि जो लोग ओबीसी जातिगत जनगणना की बात करते हैं, पहले वह अपनी तो जाति बताएं।
प्रधानमंत्री ने भी उनके इस वक्तव्य को रीट्वीट किया। भाजपा सरकार को जातिगत जनगणना का विरोधी बताया। ये भी कहा कि संसद के इतिहास में कभी भी किसी की जाति नहीं पूछी गई। कार्यकर्ता भाजपा के पूर्व मंत्री के पुतला फूंकने की तैयारी कर रहे थे। इधर, सुबह से ही पुलिस प्रशासन अलर्ट था। कांग्रेस कार्यालय के अलावा गौहनिया समेत अन्य चौराहों पर पुलिस बल अलर्ट था। कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कार्यालय के बाहर निकले और पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया।
हिरासत में लेकर पुलिस सभी को सुनगढ़ी थाने ले आई। गिरफ्तारी देने वाले कांग्रेसियों में जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अनवर अनीस, इश्तियाक अहमद अंसारी, सिद्दीकी अहमद उस्मानी, मोहम्मद ताहिर सिद्दीकी ,कुंवर सेन पासवान, बृजेश द्विवेदी, हरिशंकर कश्यप आदि थे।
पुलिस के हिरासत में लेने का पता चलते ही कांग्रेस के प्रदेश सचिव ईश्वर दयाल पासवान एडवोकेट, पीसीसी सदस्य युसूफ मलिक, पीसीसी सदस्य पुष्पा गंगवार, ब्लॉक अध्यक्ष नरेश चंद्र शुक्ला, दानिश हसन,जिला युवक कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष संदीप गंगवार, एनएसयूआई के अध्यक्ष राजेश वर्मा, कांग्रेस सेवा दल की अध्यक्ष सरिता देवी, मोहम्मद अथर, जिला महासचिव मोहम्मद अजीम, हरीश मौर्य, सीमा चौहान, अनवार उस्मानी, मुनेंद्र पाल सक्सेना एडवोकेट भी सुनगढ़ी थाने पहुंच गए। जिसके बाद वार्ता चलती रही। उधर, दोपहर में आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहा पर पुतला फूंकने का शोर मचा रहा। हालांकि पुलिस और कांग्रेस नेताओं की ओर से इसे गलत बताया गया।
