बेटे के फोटो देख मां की निकल गई चीख.., संभल में किशोर को अगवा कर वसूली डेढ़ लाख की फिरौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किशोर के बरामद के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस

रुमाल से नशा सुंघाकर सरेराह किशोर का ऑटो से किया अपहरण, रात में किशोर को आंख पर पटटी बांधकर यहां से वहां लिये घूमते रहे अपहरणकर्ता

संभल, अमृत विचार। संभल शहर की आबादी के बीच से किशोर का अपहरण कर परिजनों से डेढ़ लाख रुपये फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। किशोर के बरामद हो जाने के बाद अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है। किशोर का कहना है कि उसे रुमाल से नशा सुंघाकर अपहरणकर्ता आटो में डालकर ले गये। इंस्ट्राग्राम पर किशोर के मुंह व आंखों पर बंधी पट्टी बांधे फोटो व मैसेज भेजकर फिरौती मांगी गई।

कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला बेगम सराय निवासी ओमप्रकाश का 14 वर्षीय बेटा हर्षित बुधवार की शाम छह बजे मुहल्ला में ही दुकान से मोमोज खरीदने गया था। काफी देर तक हर्षित मोमोज खरीदकर घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरु की। रात 11 बजकर 57 मिनट पर ओमप्रकाश के इंस्टाग्राम पर हर्षित के मुंह व आंखों पर पट्टी बंधे फोटो और अपहरण करने का मैसेज भेजकर उसे छोड़ने के लिए ओमप्रकाश से दो लाख की मांग की गई। मैसेज में लिखा कि अगर इस बारे में पुलिस को सूचना दी तो हर्षित को जान से मार देंगे।

cats
बरामदगी के बाद मां से लिपटा बैठा किशोर>

 

ओमप्रकाश ने पुलिस को सूचना नहीं दी और डेढ़ लाख रुपये की रकम जुटाकर अपहरणकर्ताओं से हर्षित को छोड़ने के लिए रोते हुए गुहार लगाई। अपहरणकर्ताओं की बताई जगह पर ओमप्रकाश ने रकम का थैला रखा तो कुछ देर बाद ही अपहरणकर्ताओं ने बाईपास के पास से बेटे को ले जाने के लिए कहा। बताई गई जगह पर हर्षित मिल गया। उसकी आंख पर पट्टी बंधी थी।

बेटे के फोटो देख मां की निकल गई चीख

बेगम सराय निवासी ओमप्रकाश के इंस्टाग्राम पर अपहरण करने के बाद अपहरणकर्ताओं ने जो हर्षित के फोटो भेजे थे उसमें हर्षित के मुंह व आंखों पर काले रंग के कपड़े की पट्टी बंधी थी, लेकिन हाथ व पांव खुले थे। हर्षित को इस हाल में जमीन पर पड़ा देखकर उसकी मां प्रभा की चीख निकल गई और रो रोकर बुरा हाल हो गया। प्रभा ने अपने पति ओमप्रकाश से सब कुछ बेचकर अपहरणकर्ताओं से हर्षित को छुड़ाने की गुहार लगाई। प्रभा ने कहा कि अपहरणकर्ता बार बार पुलिस को सूचना देने पर बेटे हर्षित को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। बेटे के साथ अनहोनी के डर की वजह से पुलिस को सूचना नहीं दी।

पुलिस के डर से यहां वहां भागते रहे अपहरणकर्ता


हर्षित को छोड़ने की एवज जब फिरौती की बात तय हो गई तो अपहरणकर्ताओं ने परिजनों को घंटों तक यहां से वहां घुमाया। पहले मैसेज किया कि सुबह 5 बजे चंदौसी रोड पर पार्क के पास पहुंचें। इसके बाद फिर से मैसेज भेजकर रकम लेकर गोमा श्मशान के पीछे आने को कहा। यहां न तो हर्षित नजर आया और न ही अपहरणकर्ता। फिर मिला कि रुपयों का बैग झाड़ियों में डालकर वहां से वापस चले जायें। बेटा कहां मिलेगा यह बता दिया जायेगा। रकम का थैला डाल दिया तो हर्षित को बाईपास से ले जाने का मैसेज दिया गया। फिर चंदौसी रोड पर फत्तेहपुर गांव से पहले आने को कहा गया। यहां परिजनों को हर्षित आंखों पर पट्टी बंधी हालत में खड़ा मिला। हर्षित ने बताया कि अपहरणकर्ता नशा सुंघाने के बाद उसे ऑटो में डालकर ले गये थे।

...........वर्जन...........

संभल के बेगम सराय से किशोर का अपहरण कर फिरौती वसूलने के मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज से सब कुछ सामने आने की उम्मीद है। जल्द ही पुलिस निष्कर्ष पर पहुंच जायेगी..., श्रीश्चंद्र अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी संभल।

संबंधित समाचार