मुरादाबाद: खेरखाता में एक और मौत से हड़कंप, प्रधान भी हो गए बीमार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/भगतपुर/अमृत विचार। खेरखाता गांव में रहस्यमयी बुखार का अब तक कोई खुलासा नहीं हो सका है। एक और मौत हो गई है, जिससे गांव वाले फिर दहशत में आ गए हैं। हालांकि जिसकी मौत हुई है, वह एक अन्य बीमारी से भी पीड़ित बताया जा रहा है। गांव के प्रधान भी बुखार से पीड़ित हो …

मुरादाबाद/भगतपुर/अमृत विचार। खेरखाता गांव में रहस्यमयी बुखार का अब तक कोई खुलासा नहीं हो सका है। एक और मौत हो गई है, जिससे गांव वाले फिर दहशत में आ गए हैं। हालांकि जिसकी मौत हुई है, वह एक अन्य बीमारी से भी पीड़ित बताया जा रहा है। गांव के प्रधान भी बुखार से पीड़ित हो गए हैं। ग्रामीणों ने इस समस्या से जल्द निजात पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से अपील की है। हालांकि महकमा भी इस मामले में पड़ताल में जुट गया है।

भगतपुर थाना क्षेत्र के खेरखाता गांव में रहस्यमयी बुखार का खौफ कम नहीं हो पा रहा है। यहां छह मौत पहले हो चुकी हैं। सभी को बुखार की समस्या भी बताई गई। गांव में बुखार से तीन दर्जन के करीब पीड़ित मिले तो स्वास्थ्य महकमा भी हैरत में पड़ गया। हालांकि सीएमओ डा. एमसी गर्ग सहित पूरी टीम ने कैंप लगाकार पांच सौ से ज्यादा का स्वास्थ्य जांचा।

डेंगू, मलेरिया और कोविड की जांच हुई तो राहत की सांस ली गई, क्योंकि एक भी मरीज इन गंभीर बीमारियों से ग्रसित नहीं था। अब सवाल था इस बुखार का पता लगाने का। इसके लिए जिन निजी अस्पतालों में छह की मौत हुई थी, वहां रिपोर्ट्स तलब की गईं। उसकी जांच शुरू कर दी गई है, जबकि जिन पैथोलॉजी लैब ने गलत रिपोर्ट दी थी, उसपर भी कार्रवाई कर दी गई। अभी इस बुखार का रहस्य नहीं खुला था कि गांव में एक और मातम शुरू हो गया।

दरअसल यहां एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। बुखार से पीड़ित बताए जा रहे इस व्यक्ति को टीबी की भी बीमारी थी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस मौत का कारण बुखार को नहीं मान रहे हैं। ग्रामीणों को जागरूक भी किया गया, जिससे उनका डर कम किया जा सके। गांव के प्रधान को बुखार आने पर उन्हें सरकारी लैब से जांच कराने की सलाह दी गई है।

17 संक्रमित मिले, हुए भर्ती
मुरादाबाद। कोविड संक्रमण के डेढ़ दर्जन और मामले सामने आए हैं। उन्हें आइसोलेट किया गया है। एसीएमओ डा. डीके प्रेमी ने बताया कि संक्रमितों को आइसोलेट किया गया है।

संबंधित समाचार