रामपुर : डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
एकता हॉस्पिटल के मालिक, एक महिला व तीन पुरुष डॉक्टरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
रजनी का फाइल फोटो
रामपुर, अमृत विचार। निजी अस्पताल के स्टॉफ द्वारा महिला के इलाज में लापरवाही बरतने में महिला की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने एकता हॉस्पिटल के मालिक मुर्तजा और एक महिला व तीन पुरुष डॉक्टरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
केमरी थाना क्षेत्र के गांव रहसैना निवासी अरविन्द कुमार के अनुसार उसकी पत्नी रजनी ने 28 जुलाई को बुखार व जुकाम होने के कारण दवा खाई थी। इससे रजनी की हालत बिगड़ गई। वह पत्नी को लेकर एकता हॉस्पिटल पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने रजनी का अल्ट्रासाउंड किया तो पता चला कि वह ढाई-तीन माह की गर्भवती है। अरविंद के अनुसार डॉक्टरों ने उसे पत्नी का गर्भपात कराने की सलाह दी। यह भी कहा कि गर्भपात नहीं कराया तो कुछ भी हो सकता है। इसके बाद डॉक्टरों ने रजनी का गर्भपात करा दिया। वह एक दिन तक ठीक रही। मगर 30 जुलाई को उसकी हालत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे फिर से अस्पताल ले आए।
डॉक्टरों ने चेकअप के बाद बताया कि गर्भपात के दौरान कुछ अवशेष रह गए हैं। इसके बाद एक महिला और तीन पुरुष डॉक्टरों ने उसका फिर से गर्भपात किया। 31 जुलाई को रजनी इसी अस्पताल में भर्ती रही। एक अगस्त की शाम हालत बिगड़ने पर वहां के डॉक्टर उसे लेकर मुरादाबाद भागे। जहां गुरुवार रात 10 बजे रजनी की मौत हो गई। इसके बाद एकता अस्पताल का स्टाफ मृतका और तीमारदारों को दलपतपुर के पास छोड़कर फरार हो गए। बाद में मृतका के पति ने गंज थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने एकता हॉस्पिटल के संचालक मुर्तजा, एक महिला और तीन पुरुष डॉक्टरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज ली। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गुमराह करता रहा अस्पताल का स्टाफ
मृतका के परिजनों का कहना है कि निजी अस्पताल का स्टॉफ उन्हें गुमराह करता रहा। महिला की मौत एक अगस्त को हो गई थी, लेकिन स्टाफ ने खुद को बचाने के लिए उसे जबरन मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती करा दिया। मुरादाबाद स्थित अस्पताल के स्टाफ ने गुरुवार की रात 10 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढे़ं : Rampur News : मामा ने तीन वर्षीय भांजे के साथ किया कुकर्म, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
