सुल्तानपुर: पूर्व मंत्री ओपी सिंह समेत सात कोर्ट में हुए हाजिर, गिरफ्तारी वारंट निरस्त
सुल्तानपुर, अमृत विचार। आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में पूर्व विधायक और खेल मंत्री रहे ओम प्रकाश सिंह समेत सात आरोपियों ने शुक्रवार को गिरफ्तारी वारंट की जानकारी होने पर एमपी एमएलए की विशेष कोर्ट मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत में हाजिर हुए। उनके वकील संतोष पांडेय ने आरोपियों ओम प्रकाश सिंह, गुरबचन सिंह, संतोष कुमार, वीरेंद्र, केशवानंद, ओमप्रकाश उपाध्याय और अब्दुल रऊफ के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट रिकॉल करने का प्रार्थना पत्र व जमानत नामें दाखिल किए।
अधिवक्ता ने बताया कोर्ट ने पूर्व मंत्री समेत सात के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट रिकाल कर लिया। वहीं, केस में तीन अन्य आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए हैं, जिनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट पूर्वत जारी रहेगा। मामले में कोर्ट ने बहस के लिए कोर्ट ने 12 अगस्त की तारीख नियत की है। आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन केस में कोर्ट मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने गुरुवार को आरोपी ओमप्रकाश सिंह समेत अन्य की हाजिरी माफी निरस्त कर गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
विशेष लोक अभियोजक वैभव पांडेय ने बताया कि मोतिगरपुर के ढेमा बाजार में दो साल पूर्व आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप मे सरकार में जयसिंहपुर विधानसभा सीट के पूर्व विधायक और खेल मंत्री रहे ओम प्रकाश सिंह समेत 10 आरोपियों के खिलाफ विशेष कोर्ट में मामला विचाराधीन है। मोतिगरपुर थाने के उपनिरीक्षक सुशील कुमार राय ने 15 जनवरी 2022 को आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया था।
पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी के मामले में दीवान का बयान दर्ज
कादीपुर के पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा समेत 14 आरोपियों पर विचाराधीन मुकदमे में तत्कालीन दीवान राजेंद्र मिश्र का बयान दर्ज किया गया । विशेष लोक अभियोजक वैभव पाण्डेय के मुताबिक कादीपुर क्षेत्र के संत तुलसीदास डिग्री कॉलेज के सामने 17 दिसम्बर 2002 को सड़क दुर्घटना में छात्रा पूनम श्रीवास्तव की मौत हो गई थी।
आरोप है कि घटना से आक्रोशित पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी, अभिषेक सिंह राणा और रामार्य पाठक समेत 14 लोगों ने कादीपुर कोतवाली में पहुंचकर बलवा ,नारेबाजी, पथराव और डकैती की थी। पूर्व विधायक के अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा ने बताया कि तत्कालीन कोतवाल शिवराज सिंह की तहरीर पर मुकदमे की विवेचना कर कादीपुर सीओ विजय नारायण ने 14 लोगों पर चार्जशीट दाखिल की। सपा सरकार में विधायक रहे रामचंद्र चौधरी समेत सभी आरोपियों का मुकदमा वापस लेने की सिफारिश सरकार ने किया था जिसे एमपी /एमएलए कोर्ट ने खारिज कर दी थी। शुक्रवार को तत्कालीन दीवान का बयान दर्ज किया गया है। अगली सुनवाई नौ अगस्त को होगी।
पूर्व विधायक के मामले मे हुई गवाही
लंभुआ के पूर्व विधायक संतोष पांडेय सहित 12 के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में एमपी/ एमएलए मजिस्ट्रेट की विशेष न्यायालय मे शुक्रवार को पूर्व बीडीओ संदीप सिंह क़ी गवाही व जिरह समाप्त हो गई। बचाव पक्ष के वकील संतोष पांडेय ने बताया कि लंभुआ के पूर्व सपा विधायक सन्तोष पांडेय सह आरोपितों पर फरवरी 2022 में दो एफआईआर लम्भुवा व कोतवाली देहात थाने में लिखाई गई थी। विधानसभा चुनाव के दौरान उड़नदस्ता प्रभारी रहे बीडीओ संदीप सिंह ने आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व विधायक ने समर्थकों के साथ विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना प्रशासन की अनुमति के जनसभा की। जिससे आदर्श चुनाव आचार संहिता और कोरोना महामारी के नियमों का उल्लंघन हुआ। संदीप सिंह क़ी गवाही जिरह के बाद अन्य साक्ष्य के लिए अगली तारीख 12 अगस्त नियत की गई है।
ये भी पढ़ें- सुल्तानपुर: आपके क्रेडिट कार्ड पर जुर्माना लगा है, लिंक पर क्लिक करिए...और उड़ गए एक लाख से अधिक रकम
