सुल्तानपुर: आपके क्रेडिट कार्ड पर जुर्माना लगा है, लिंक पर क्लिक करिए...और उड़ गए एक लाख से अधिक रकम
न्यायालय के आदेश पर साइबर थाने पर दर्ज हुआ मुकदमा
सुल्तानपुर, अमृत विचार। क्रेडिट कार्ड पर जुर्माना लगा है कि बात कह झांसे में लेकर साइबर ठग ने खाते से एक लाख से अधिक रकम उड़ा लिया। पीड़ित ने साइबर हेल्प लाइन, स्थानीय थाना सहित एसपी से गुहार लगाई। न्याय न मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, कोर्ट के आदेश पर साइबर थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
धम्मौर थाना क्षेत्र के रेवती पूरब भाटी निवासी हरिकेश यादव ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां वाद दायर किया। पीड़ित ने बताया कि 10 जनवरी को एक लिंक आया साथ ही फ़ोन आया कि क्रेडिट कार्ड पर जुर्माना लगा है। अगर जुर्माने से बचना चाहते हो तो लिंक को क्लिक कर जैसा कहे वैसा कीजिए। लिंक क्लिक करते ही खाते से 6,630 रुपए कट गए। तो साइबर ठग ने फ़ोन कर अपने आप को बैंक का मैनेजर बताते हुए झांसे में ले लिया। उसके क्रेडिट कार्ड से 68,758 रुपए व खाते से 34,500 रुपए निकाल लिए। पीड़ित अगले दिन जब बैक पहुंचा तो उसके खाते से 1,03258 कट चुके थे।
साथ ही शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक से कोई फोन नहीं किया गया था। तब उसे ठगी का एहसास हुआ तो साइबर हेल्प लाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही स्थानीय थाने पर भी तहरीर दी। आरोप है कि कोई कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक को भी शिकायती पत्र दिया। जब कही से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। साइबर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें- सुल्तानपुर: कोचिंग से लौट रही छात्रा से छेड़छाड़, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
