बहराइच: महिला से हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। फखरपुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बाइक सवार लुटेरों ने एक महिला से 50 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस ने घटना का केस दर्ज कर लूट का खुलासा कर दिया है। दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुतौली निवासी चांद बाबू पुत्र गुलाम रसूल अपनी मां हयातुल निशा के साथ बृहस्पतिवार को कैसरगंज कस्बा में स्थित एचडीएफसी बैंक में रुपये निकालने के लिए गया था। उसकी मां ने खाते से 50 हजार रुपये निकाला। इसके बाद बाइक पर बैठकर बेटे के साथ घर जाने लगी। 

दोपहर 2:40 बजे चांद बाबू अपनी मां को लेकर फखरपुर थाना क्षेत्र के भकला मोड़ के पास पहुंचा तभी पीछे से दो अज्ञात व्यक्ति बाइक से आए और महिला के हाथ से रुपए भरा बैग छीन कर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि फखरपुर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू की। खुलासे के लिए सर्विलांस टीम भी लगाई गई।

आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल से बाइक की पहचान की गई। इसके बाद अपराधियों तक पहुंच गया। 
उन्होंने बताया कि हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बसहिया गांव निवासी सुहेल खान पुत्र मुख्तार खान और जिया खान पुत्र इश्क ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों को फखरपुर थाना क्षेत्र के इटहुआ पुल के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि बरामद बाइक और नकदी सीज कर दी गई है। 

उन्होंने बताया कि दोनों ने आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अभिनव प्रताप सिंह उपनिरीक्षक शैलेंद्र यादव, एसआई अमित कुमार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राकेश प्रजापति, सर्विलास निरीक्षक संतोष कुमार सिंह करुणेश शुक्ला, नितिन अवस्थी, आनंद उपाध्याय शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: लोहिया संस्थान में बड़ी कार्रवाई, इलाज में लापरवाही बरतने पर 6 डॉक्टर समेत 13 निलंबित

संबंधित समाचार