कासगंज : परिवार की सुख समृद्धि के लिए कांवड़ उठा रहे शिवभक्त, वातावरण हुआ शिवमय
सोरों अमृत विचार। प्रतिदिन सोरों लहरा गंगाघाट से हजारों की संख्या में कांवड़िए कांवड़ उठा रहे हैं। जिससे चंहुओर बम बम के जयकारों से वातावरण शिवमय है। कांवड़िए भगवान भोले नाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक कर परिवार की खुशहाली के लिए कांवड़ उठा रहे हैं।
कंधे पर कांवड़, पैरों में घुंघरु की झुन झुन की आवाज, लवों पर बम बम के जयकारे, नगे पैर, गेरुआ वस्त्रधारी कांवड़िए लहरा गंगा घाट से कांवड़ में जल भरकर अपने गंत्वयों की ओर कदम दर कदम बिना हारे थके बढते जा रहे हैं। शहर के चंहुओर सडको से गुजर रहे कांवड़ियों के जत्थो से वातावरण शिवमय बना हुआ है। हालांकि लहरा गंगा घाट पर अभी मध्यप्रदेश, राजस्थान, भरतपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न दूर दराज के जनपदों के कांवड़िए कांवड़ में जलभरने के लिए जुट रहे हैं। कांवड़ में जल भर कर ले जा रहे कांवड़ियों का कहना है कि वह अपने परिवार में सुख समृद्धि की कामना को लेकर कांवड़ उठा रहे हैं।वह अपने प्रिय ईष्ट देव पर जाकर जलाभिषेक करेंगे। कहा जाता है कि सावन मास में जो भी भक्त भगवान भोलेनाथ की आराधना श्रद्धाभाव से करता है। भगवान भोलेनाथ प्रसंन होकर भक्तो की मुरादें पूरी करते हैं। इसलिए सोरों लहरा गंगाघाट से प्रतिदिन हजारों की संख्या में कांवड उठा रहे हैं।

कांवड़ियों की सेवा भाव में लगी पुलिस
कांवड़ यात्रा को लेकर जिले भर की पुलिस पूरी तरह से सजगता बरत रही है। जगह जगह खडे पुलिस कर्मी कांवड़ियों की सुरक्षा में लगे हुए हैं। कांवड़ यात्रा को लेकर रुट डायवर्ट कर दिया गया है, ताकि कांवड़ ले जाते समय कांवड़ियों को कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

नहीं दिखाई दे रहा सरकार का फरमान
यूपी सरकार ने प्रदेश में कांवड़ यात्रा मार्गों पर खाद्य पदार्थों की दुकानों पर 'नेमप्लेट' को अनिवार्य कर दिया था। दूसरे समुदाय के लोग देवी देवताओ की मूर्ति लगाकर कांवड़ यात्रियों की आस्था की पवित्रता को खराब करते थे। पवित्रता बनाए रखने के लिए सरकार ने कांवड़ यात्रा के रास्ते पर पढने वाली सभी दुकानों के मालिको को दुकानों पर दुकान पर काम करने वाले कारीगर के नाम की नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन जिले भर में यह योगी के फरमान का कोई पालन नहीं हो रहा है। दुकानदार बिना नेम प्लेट लगाए ही होटल, रेस्टोरेंट, हथठेला के अलावा कांवड सजाने की सामिग्री बैच रहे हैं।

परनामठ मंदिर पर हुआ भंडारे का आयोजन
कासगंज शहर के आवास विकास कॉलोनी स्थित परनामठ मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सड़क से गुजर रहे कांवड़ियों को जलपान एवं भंडारे का प्रसाद खिलाकर शिव भक्तो ने पुण्य लाभ अर्जित किया।यहां प्रतिदिन शिवभक्त कांवड़ियों के लिए जलपान, केला पेठा इत्यादि देकर सेवा भाव करने में जुटे रहते हैं।
