रायबरेली: खेत में मिला किसान का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक दिन पहले रास्ते के हुआ था विवाद, ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गांव जर्जीगढ़ मजरे खरौली का मामला

ऊंचाहार/रायबरेली, अमृत विचार। एक किसान का शव उसके घर से कुछ दूर जंगल में खेत के पास मिला है। उसका गांव में रास्ते को लेकर एक दिन पहले विवाद हुआ था। परिजन इसी विवाद में हत्या करके शव फेंके जाने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव जर्जीगढ़ मजरे खरौली का है। गांव में दो पक्षों के बीच रास्ते का विवाद था, जिसको लेकर दोनों पक्षों में काफी तनाव था। आरोप है कि पुलिस ने तनाव को नजरंदाज करके इसमें जबरन सुलह करा दिया। सुलहनामा के बाद शनिवार को दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष से प्रियंका, रंजू, सोनम, शर्मीली, गीता घायल हुई थी। जबकि दूसरे पक्ष से सुरसती, राहुल, साहिल घायल हुए थे। मारपीट में कुल आठ लोगों के घायल होने के बावजूद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। 

इस बीच  शनिवार रात में दूसरे पक्ष के इंदल का शव उसके घर से दूर जंगल में खेत के पास संदिग्ध अवस्था में मिला है। परिजनों का आरोप है कि इंदल शनिवार की रात अपने घर के सामने सो रहे थे। तभी कुछ लोग उन्हे दूर गंगा नदी के कटरी में उठा ले गए। इस बात की जानकारी जब परिजनों को हुई तो तलाश करते जंगल में पहुंचे, जहां इंदल का शव पड़ा हुआ था। 

इसके बाद परिजन उसको तत्काल लेकर ऊंचाहार सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसकी मौत काफी पहले हो चुकी है। जब किसान की हत्या की सूचना पुलिस को मिली तब सक्रिय हो गई। रात में ही सीओ अरुण कुमार नौहार, कोतवाल अनिल कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और मामले की पड़ताल की। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल का कहना है कि मृतक के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं है। मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

यह भी पढ़ें:-Etawah Road Accident: आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार और डबल डेकर बस की टक्कर में 7 लोगों की मौत, कई घायल

संबंधित समाचार