ताकि न होने पाए कोई अप्रिय बात : रात भर गश्त और पेट्रोलिंग में जुटी रही पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसएसपी ने सावन के तीसरे सोमवार और कावड़ यात्रा का लिया जायजा

अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी के ऐतिहासिक सावन झूला मेला के साथ कावड़ यात्रा के दौरान कोई अप्रिय वारदात न होने पाए इसके लिए जनपद पुलिस ने रात से ही मोर्चा संभाल लिया। डायल 112 के साथ पुलिस दस्ता कावड़ मार्ग पर पेट्रोलिंग में जुटा रहा तो पुलिस लगातार गश्त करती रही। उधर मेला क्षेत्र में पुलिस-पीएसी के जवानों ने मोर्चा संभाल रखा था। कड़ी चौकसी के बीच सावन का तीसरा सोमवार भी सकुशल निपट गया और अब पुलिस बुधवार को मणि पर्वत पर आयोजित झूलनोत्सव के साथ मठ-मंदिरों में पड़ने वाले झूले तथा अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को पुख्ता करने में जुट गई है।  

 अयोध्या में सावन झूला मेला चल रहा है। साथ ही श्रावण माह में सरयू स्नान तथा शिवालयों में जलाभिषेक के लिए कावड़ियों की भीड़ का आना जारी है। फ़िलहाल अभी तक ज्यादातर कांवड़िए पड़ोसी जनपद बस्ती और गोंडा क्षेत्र से आ रहे थे, जिसके चलते पुलिस-प्रशासन की ओर से लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की गोरखपुर की ओर जाने वाली लेन कावड़ यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए आरक्षित की गई है। वहीं तीसरे सोमवार से अंबेडकर क्षेत्र के कावड़ियों का आवागमन भी शुरू हो गया है, साथ ही सावन माह में सरयू में स्नान कर पवित्र सरयू जल से पौराणिक पीठ नागेश्वरनाथ पर जलाभिषेक के लिए आस-पास के अलावा अन्य जिलों के श्रद्धालु भी पहुंचे।

कावड़ यात्रा तथा तीसरे सोमवार पर सरयू स्नान और जलाभिषेक तथा मठ-मंदिरों के दर्शन-पूजन के लिए पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम कर रखे थे। रविवार की रात में ही पीआरवी वाहनों के साथ पुलिस बल को पेट्रोलिंग के साथ निगरानी में लगा दिया गया। एस एसपी राजकरन नैय्यर खुद रात में हालात का जायजा लेने निकले और मेला ड्यूटी के साथ कावड़ मार्ग पर तैनात जवानों और पैरामिलिट्री फ़ोर्स की ड्यूटी जांची तथा विशेष सतर्कता का निर्देश दिया। साथ ही राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर निगरानी का निर्देश दिया।  सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि घाट पर जल पुलिस के साथ एसडीआरएफ और पीएसी के बाढ़ राहत दल को सतर्क किया गया था। कहीं से कोई  अप्रिय सूचना नहीं आई है।

 यह भी पढ़ें- पीएम आवास में धांधली : आवास दिलाने के नाम पर पूर्व सभासद ने बुजुर्ग दम्पत्ति से की धोखाधड़ी

 
 

संबंधित समाचार