बाराबंकी : ढ़ाबे में सो रहे युवक की हत्या, सिर पर चोट
भाई की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
देवा/ बाराबंकी, अमृत विचार। ढाबे में सो रहे एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और पास में ही शराब की शीशी पड़ी थी। डाग स्क्वायड और फील्ड यूनिट की टीम ने घटना स्थल पर जाकर जांच की। पुलिस अधीक्षक भी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के मामापुर निवासी अशोक यादव उम्र करीब 30 वर्ष का शव सोमवार की सुबह कस्बा देवा के मामा नहर पुल स्थित कंधैया के होटल के भीतर मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे। जिसे देखकर ऐसा लग रहा था कि उसके सिर पर किसी ठोस चीज से ताबड़ तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई हो। उसके पास शराब की शीशी भी पड़ी मिली है। शव मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया और भारी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर जगत कनौजिया और देवा कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु की। डाॅग स्क्वायड और फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर बुलाई गई लेकिन टीम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की और जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक के भाई संतोष यादव की तहरीर पर देवा पुलिस ने भानू यादव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
बेची थी जमीन, नहीं थी दुश्मनी
ग्रामीणों के अनुसार मृतक अविवाहित था और शराब का आदी था। उसने गांव से बाहर ककरहा मोड़ के पास मकान बनवाया था लेकिन अक्सर वह घर से बाहर ही रहता था। कुछ दिन पहले उसने अपनी जमीन बेची थी और उसी से पैसे से वह अपना जीवन यापन कर रहा था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। घटनास्थल से शराब की सीसी मिली। इससे यह भी हो सकता है कि इसने अपने साथियों के साथ शराब पी हो और उनके साथ झगड़ा हो गया हो। जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई हो। अब हत्या का कारण कुछ भी हो वह तो पुलिसिया जांच के बाद सामने आएगा। हालांकि भाई की तहरीर के बाद फिलहाल पुलिस की जांच भानू यादव नाम के शख्स पर केंद्रित है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिये दबिश दे रही हैं।
पुलिस पिकेट के पास घटी घटना
मामा नहर पुल पर कन्हैया यादव के होटल के पास ही पुलिस की पिकेट है और रात्रि में अक्सर वहां पुलिसकर्मी मौजूद देखे जाते हैं। उसी जगह पर इतनी बड़ी घटना हो जाती है और पुलिस को पता भी नहीं चलता। इससे एक बात तो बिल्कुल साफ है कि पिकेट पर रात में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। पुलिसिया गश्त केवल कागजों पर ही की जा रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि भाई की तहरीर पर भानू यादव नाम के शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में भी उसी का नाम सामने आ रहा है। भानू की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार करके पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पीएम आवास में धांधली : आवास दिलाने के नाम पर पूर्व सभासद ने बुजुर्ग दम्पत्ति से की धोखाधड़ी
