बाराबंकी : बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां, उपचुनाव कल
प्रधान पद के तीन तो बीडीसी के दो पदों पर होगा मतदान, सुरक्षा को लेकर पर्याप्त संख्या में तैनात होंगे पुलिस कर्मी
हैदरगढ़/त्रिवेदीगंज, बाराबंकी: अमृत विचार। विकास खंड हैदरगढ़ की रीठी सिकंदरपुर ग्राम पंचायत में मंगलवार को प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां सोमवार को विकास खंड मुख्यालय से रवाना हो गई। ग्राम पंचायत रीठी सिकंदरपुर में प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मंगलवार को मतदान होगा।
इस ग्राम पंचायत में 1811 मतदाता प्राथमिक विद्यालय तारागंज में बनाए गए तीन बूथो पर आधा दर्जन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बन्द करेंगे। प्रधान का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वहीं अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित क्षेत्र पंचायत सदस्य वार्ड संख्या 32 के लिए दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य अजमा रही हैं मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान संपन्न होगा। सहायक विकास अधिकारी पंचायत कौशल कुमार ने बताया कि आगामी 8 अगस्त को हैदरगढ़ विकासखंड मुख्यालय स्थित सभागार में 8 बजे से मतगणना संपन्न होगी।
त्रिवेदीगंज प्रतिनिधि के अनुसार दो ग्राम पंचायतों में मृत्यु के कारण रिक्त हुए दो प्रधान पदों पर निर्वाचन प्रक्रिया के लिए खंड विकास कार्यालय से पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया। मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। विकास क्षेत्र त्रिवेदीगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत कान्हूपुर में सुमन पाल, जबकि ग्राम सभा जौरास में गया प्रसाद यादव की आकस्मिक मृत्यु के चलते दोनों पंचायत में प्रधान का पद रिक्त था। रिक्त पंचायत के पदों पर पुनः चुनाव कराने की अधिसूचना के बाद कांहूपुर में चार उम्मीदवारों अनीता, निशा पांडेय, राजरानी व शीला पाल ने जबकि ग्राम सभा जौरास में प्रधान पद पर राम बहादुर यादव, गुरु दीन मौर्य ने नामांकन किया है।
ग्राम सभा कान्हूपुर में 1400 मतदाता जबकि जौरास में 4512 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। वहीं बंकी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बरौली में भी क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त सीट पर भी आज मतदान कराया जाएगा। जबकि मतगणना एक दिन बाद आठ अगस्त को संबंधित ब्लॉक पर होगी। उपचुनाव को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें- पीएम आवास में धांधली : आवास दिलाने के नाम पर पूर्व सभासद ने बुजुर्ग दम्पत्ति से की धोखाधड़ी
