बदायूं : पिकअप के नीचे दबा युवक, इलाज के दौरान हुई मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

ककराला-उहसैत मार्ग पर हुआ हादसा

ककराला, अमृत विचार। गांवों में दूध लेने जा रहे दूधिया के ऊपर पिकअप पलटने से दूधिया गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पीड़ित परिवार की ओर से थाना उसहैत पुलिस को तहरीर दी गई है।

अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा के वार्ड 7 निवासी यूसुफ (30) पुत्र मल्लू खां गांवों से दूध खरीदकर शहर में बेचने का काम करते हैं। मंगलवार सुबह नौ बजे वह उसहैत क्षेत्र के गांवों से दूध लेने के लिए बाइक से जा रहे थे। रास्ते में किसी का फोन आ गया तो वह ककराला-उसहैत मार्ग स्थित गांव परवीन नगला पर सड़क किनारे खड़े होकर बात करने लगे। इसी दौरान उसहैत की ओर से आ रही एक पिकअप का पहिया अलग हो गया। पिकअप अनियंत्रित हो गई और यूसुफ के ऊपर पलट गई। हादसे में बाइक सवार यूसुफ गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर घायल के परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने घायल को रेफर कर दिया। परिजन उसे बरेली ले गए थे। इलाज शुरू ही किया था कि घायल ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

संबंधित समाचार