बलरामपुर: बोरे में मिली महिला की अधकटी लाश, क्षेत्र में फैली सनसनी
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
बलरामपुर, अमृत विचार। कोतवाली देहात के अजबनगर में बोरे में महिला की अधकटी लाश मिली है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस अधिकारी मामले की जांच की बात कह रहे हैं।
मंगलवार को डायल 112 को सूचना मिली कि कोतवाली देहात के अजबनगर कमरिहवा टोले को जाने वाली सड़क के किनारे दो प्लास्टिक की बोरे पड़े हुए हैं। उसमें कोई संदिग्ध वस्तु होने की बात कही गई। बताया गया कि बोरे से तीव्र बदबू आ रही है। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
कोतवाली देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब उसे खुलवाया तो वह दंग रह गई। एक बोरे में अज्ञात शव का पेट से नीचे का धड़ एवं दूसरे में कटे हुए पैर आदि के अवशेष थे। कई दिन पुराना होने के कारण पहचान आदि में काफी समस्या आई। सीओ सिटी बृजनदंन राय का कहना था कि शव काफी पुराना था। इससे शव किसका है, स्पष्ट तौर पर कहना मुश्किल है। लेकिन, प्रथम दृष्टया शव महिला का ही प्रतीत हो रहा है। कोतवाल दुर्गेश सिंह कहते हैं कि शव महिला का होने का अनुमान है। सही स्थिति पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो सकेगी।
ये भी पढ़ें-बलरामपुर: धारदार हथियार से मदरसा परिसर में रह रहे छात्र की हत्या, मचा हड़कंप
