बदायूं: पंचनामा से कुछ नहीं, पोस्टमार्टम में आए 14 निशान...गांव से शव ले आई पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रविवार रात थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सिसरका के पास ढाबे पर चारपाई पर मिला था शव

ओरछी, अमृत विचार : थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सिसरका निवासी बुजुर्ग का शव गांव के पास एक ढाबे पर चारपाई पर मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की थी। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो पुलिस हैरत में पड़ गई। रिपोर्ट में 14 चोट होने का जिक्र था। जिसके चलते पुलिस ने डीएम की अनुमति ली और गांव से शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। जिसके विरोध में बुजुर्ग के परिजनों ने रात में कलेक्ट्रेट तिराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। 

गांव सिसरका निवासी बुजुर्ग रामकृपाल रविवार रात घर पर थे। जानवरों की आवाज सुनकर उन्होंने गेट के बाहर टॉर्ज जलाई। रोशनी पड़ोसी के घर चली गई। पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र बाहर आए और रामकृपाल से गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने बुजुर्ग को ईंट मार दी। वह घायल हो गए। जिसके बाद रामकृपाल गांव के बाहर आ रहे थे।

आरोप है कि पिता-पुत्र ने दोबारा से उनपर हमला किया था और हत्या करके शव ढाबे की चारपाई पर रख दिया। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए पंचनामा भरा। उस दौरान बुजुर्ग के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले लेकिन पोस्टमार्टम कराया। जिसकी रिपोर्ट के अनुसार बुजुर्ग के शरीर पर 14 चोटें मिलीं। पुलिस हैरत में पड़ गई।

प्रभारी निरीक्षक सीओ बिसौली सुनील कुमार और एसपी देहात केके सरोज को इस बाबत जानकारी दी। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने डीएम निधि श्रीवास्तव से बात करके शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने को कहा। जिसके बाद सीओ बिसौली गांव सिसरका पहुंचे। रामकृपाल का शव पोस्टमार्टम के लिए बदायूं लाए। परिजन भी बदायूं आ गए। रात लगभग 12 बजे कलेक्ट्रेट तिराहे पर बीच सड़क पर बैठकर हंगामा करने लगे। दोबारा पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया। अधिकारियों ने चर्चा की और शव परिजनों को दे दिया। मृतक के परिवार की उर्मिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सुशेंद्र और गिर्राज के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।

शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। जिसमें कुछ संदेह हो रहा था। जिसके चलते दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए शव गांव से लाया गया था। परिजनों के इंकार करने पर दोबारा पोस्टमार्टम नहीं कराया। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आगे की जांच की जा रही है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी- डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी।

संबंधित समाचार